मेडिकल कालेज जौनपुर में फायर सेफ्टी सप्ताह के अंतर्गत भव्य फायर डेमो एवं अग्नि सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन।*

*प्रेस विज्ञप्ति*

*मेडिकल कालेज जौनपुर में फायर सेफ्टी सप्ताह के अंतर्गत भव्य फायर डेमो एवं अग्नि सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन।*

*जौनपुरः* उमानाथ सिंह स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय, जौनपुर के प्रधानाचार्य प्रो0 आर0बी0 कमल के कुशल नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में चिकित्सा अधीक्षक डा0 विनोद कुमार द्वारा अस्पताल भवन परिसर में व्यापक फायर सेफ्टी जागरूकता एवं फायर डेमो कार्यक्रम का सफल आयोजन फायर सेफ्टी सप्ताह (04 मई से 10 मई, 2026) के अन्तर्गत किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य अस्पताल परिसर में उपस्थित चिकित्सकों, कर्मचारियों, छात्र-छात्राओं, मरीजों एवं उनके तीमारदारों को अग्नि सुरक्षा के प्रति जागरूक करना तथा आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित एवं सुरक्षित कार्यवाही के संबंध में व्यवहारिक प्रशिक्षण प्रदान करना था।

कार्यक्रम के दौरान FSSO अनिल कुमार यादव, फायरमैन- धर्मेंद्र कुमार यादव, पंकज कुमार एवं सुनील कुमार बिंद द्वारा अग्नि सुरक्षा से संबंधित विस्तृत जानकारी साझा की गई। उन्होंने आग लगने के विभिन्न कारणों, शॉर्ट सर्किट से होने वाली दुर्घटनाओं, गैस रिसाव, विद्युत उपकरणों के असुरक्षित उपयोग एवं अन्य संभावित जोखिमों के संबंध में उपस्थित लोगों को जागरूक किया। साथ ही फायर एक्सटिंग्विशर के प्रकार, उनके उपयोग की विधि एवं प्रारंभिक स्तर पर आग पर नियंत्रण पाने की तकनीकों का प्रायोगिक प्रदर्शन भी किया गया।

फायर डेमो के माध्यम से उपस्थित लोगों को यह बताया गया कि किसी भी आकस्मिक आगजनी की घटना के समय घबराने के बजाय संयम एवं सूझबूझ से कार्य करना अत्यंत आवश्यक होता है। प्रशिक्षकों द्वारा आग बुझाने वाले यंत्रों का सही उपयोग, आपातकालीन निकास मार्गों का प्रयोग, मरीजों को सुरक्षित स्थान तक पहुंचाने की प्रक्रिया तथा प्राथमिक बचाव उपायों का प्रदर्शन किया गया।

इस अवसर पर प्रधानाचार्य प्रोफेसर आर बी कमल ने अपने संबोधन में कहा कि वर्तमान समय में फायर सेफ्टी के बारे में जानना प्रत्येक व्यक्ति की नैतिक एवं सामाजिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि घर, अस्पताल, कार्यालय, दुकानों, कंपनियों एवं शॉपिंग मॉल जैसे सार्वजनिक स्थलों पर कभी भी शॉर्ट सर्किट अथवा अन्य कारणों से आग लगने की घटनाएं हो सकती हैं। यदि लोगों को प्रारंभिक स्तर पर आग बुझाने एवं बचाव के उपायों की जानकारी हो, तो बड़ी दुर्घटनाओं एवं जनहानि को रोका जा सकता है।

इस अवसर पर चिकित्सा शिक्षक- डा0 ले0क0 सी0बी0एस0 पटेल, डा0 जितेन्द्र कुमार, डा0 विनोद वर्मा, डा0 आनन्द सिंह, डा0 अरविन्द यादव, डा0 अक्षय सिंह, डा0 जयन्त शर्मा, डा0 संदीप सिंह एवं कर्मचारी सुशील कुमार, अविनाश सिंह (रवि), चन्द्रमणि चौहान, शुभम यादव, जगरोशन, संजय कुमार, सरोज कुमार (शिव), पंकज (गोलू), अजीत यादव, मंजीत कुमार एवं अन्य कर्मचारी व छात्र-छात्राएं उपस्थित रहें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *