सपा में अब “दगे हुए कारतूस” इकट्ठा हो गए हैं: ओम प्रकाश राजभर

सपा में अब “दगे हुए कारतूस” इकट्ठा हो गए हैं: ओम प्रकाश राजभर

जौनपुर,14 मई। यूपी के जौनपुर में ओम प्रकाश राजभर गुरुवार को सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के भकुरा गांव पहुंचे, जहां उन्होंने शोक संवेदना व्यक्त करते हुए पीड़ित परिवार से मुलाकात की और उन्हें ढांढस बंधाया। इस दौरान पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने देश की राजनीति, विपक्ष और कानून व्यवस्था को लेकर कई तीखी टिप्पणियां कीं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर की गई हालिया टिप्पणी को लेकर राजभर ने कहा कि “देश के प्रधानमंत्री पर अमर्यादित टिप्पणी करना पूरे देश का अपमान है। 140 करोड़ जनता ने उन्हें चुना है, इसलिए उनका सम्मान करना हर नागरिक और जनप्रतिनिधि का कर्तव्य है।” उन्होंने कहा कि संविधान की शपथ लेने वाले नेताओं को उसकी मर्यादा में रहकर ही बयान देना चाहिए।
राजभर ने कहा कि आज विपक्ष केवल आरोप-प्रत्यारोप की राजनीति कर रहा है, जबकि सरकार विकास कार्यों में जुटी है। उन्होंने दावा किया कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में प्रदेश में कानून का राज कायम हुआ है। “पहले दंगे और कर्फ्यू आम बात थे, लेकिन पिछले नौ वर्षों में प्रदेश में शांति और विकास दोनों देखने को मिला है,” उन्होंने कहा।
2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर राजभर ने कहा कि “डूबती हुई नाव पर कोई बैठना नहीं चाहता।” उन्होंने समाजवादी पार्टी और उसके नेतृत्व पर निशाना साधते हुए कहा कि सपा में अब “दगे हुए कारतूस” इकट्ठा हो गए हैं। उन्होंने दावा किया कि उनकी पार्टी 62 सीटों पर चुनाव लड़ने की तैयारी कर रही है।
उन्होंने यह भी कहा कि एक्सप्रेस-वे और बेहतर कनेक्टिविटी से लोगों का जीवन आसान हुआ है। “अब लोग जौनपुर में चाय पीकर लखनऊ में नौकरी करने पहुंच जाते हैं,” उन्होंने कहा।
राजभर ने विपक्ष पर वोट बैंक की राजनीति करने का आरोप लगाते हुए कहा कि जनता अब विकास और अमन-चैन चाहती है, और आने वाले चुनावों में इसका असर साफ दिखाई देगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *