ब्यूरो चीफ / सत्य प्रकाश उपाध्याय
पटना के मुसल्लहपुर हाट स्थित खान ग्लोबल स्टडीज संस्थान के बाहर हुई कथित फायरिंग की घटना के बाद पुलिस ने जांच तेज कर दी है। मामले में संस्थान के संचालक फैजल खान उर्फ खान सर के खिलाफ दर्ज प्राथमिकी के आधार पर उनकी तलाश की जा रही है। रविवार को लगातार दूसरे दिन पुलिस टीम कोचिंग संस्थान पहुंची, लेकिन खान सर वहां नहीं मिले।
कदमकुआं थाना क्षेत्र में दर्ज एफआईआर के अनुसार, संस्थान के दो निजी सुरक्षा गार्डों द्वारा कथित रूप से फायरिंग की गई थी। इस मामले में दोनों गार्ड पहले ही गिरफ्तार होकर न्यायिक हिरासत में भेजे जा चुके हैं। पुलिस का कहना है कि जांच के तहत खान सर से भी पूछताछ आवश्यक है।
जांच के दौरान पुलिस ने गार्डों से बरामद 315 बोर की राइफल के लाइसेंस की सत्यता की पड़ताल शुरू कर दी है। इसके लिए नोएडा स्थित संबंधित सिक्योरिटी एजेंसी से जानकारी मांगी गई है और नोएडा पुलिस से भी संपर्क किया गया है। साथ ही गिरफ्तार गार्डों के संबंध में उत्तर प्रदेश के मैनपुरी और कासगंज जिलों की स्थानीय पुलिस से भी जानकारी जुटाई जा रही है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, घटना के दौरान चली गोली का खोखा अब तक बरामद नहीं हो सका है। पूछताछ में सामने आया है कि घटना के बाद किसी व्यक्ति ने खोखा वहां से हटा लिया था। मामले की जांच जारी है और पुलिस घटनास्थल से जुड़े सभी तथ्यों को एकत्र करने में जुटी है।
उधर, कानूनी सूत्रों के मुताबिक खान सर सोमवार को पटना सिविल कोर्ट में अग्रिम जमानत याचिका दाखिल कर सकते हैं। उनके अधिवक्ता अरविंद कुमार मउआर का कहना है कि यह मामला दो पक्षों के बीच दर्ज कराई गई प्राथमिकी का परिणाम है और आत्मरक्षा में हुई कथित हवाई फायरिंग के बावजूद खान सर को जानबूझकर मामले में शामिल किया गया है।
वकील का दावा है कि उपलब्ध तथ्यों के आधार पर खान सर के खिलाफ कोई प्रत्यक्ष आपराधिक मामला नहीं बनता है। हालांकि, अग्रिम जमानत पर अंतिम निर्णय न्यायालय द्वारा ही लिया जाएगा। फिलहाल पुलिस मामले की सभी पहलुओं से जांच कर रही है।

