केनरा बैंक अलीगंज शाखा में विशाल भंडारे का भव्य आयोजन

केनरा बैंक अलीगंज शाखा में विशाल भंडारे का भव्य आयोजन

 

ब्यूरो चीफ आर एल पाण्डेय

 

लखनऊ। केनरा बैंक अलीगंज शाखा द्वारा सामाजिक समरसता, सेवा एवं जनकल्याण की भावना को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से एक विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि एवं विधान परिषद सदस्य (एमएलसी) अवनीश कुमार सिंह द्वारा फीता काटकर एवं पूजा-अर्चना के साथ किया गया।

 

इस अवसर पर केनरा बैंक लखनऊ अंचल कार्यालय के महाप्रबंधक (जीएम) अजित कुमार मिश्रा की गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम में शाखा प्रबंधक प्रदीप कुमार चौधरी, सीनियर मैनेजर धनंजय सिंह, बैंक के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी, ग्राहक तथा क्षेत्र के गणमान्य नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

 

अपने संबोधन में एमएलसी श्री अवनीश कुमार सिंह ने कहा कि ऐसे सामाजिक एवं धार्मिक आयोजन समाज में आपसी भाईचारे, सहयोग एवं सद्भाव को सुदृढ़ करने का कार्य करते हैं। उन्होंने केनरा बैंक द्वारा आयोजित इस भव्य भंडारे की सराहना करते हुए कहा कि बैंकिंग सेवाओं के साथ-साथ सामाजिक दायित्वों का निर्वहन भी अत्यंत महत्वपूर्ण है।

 

महाप्रबंधक श्री अजित कुमार मिश्रा ने कहा कि केनरा बैंक सदैव समाजहित एवं जनकल्याण से जुड़े कार्यों में सक्रिय भागीदारी निभाता रहा है और भविष्य में भी इस प्रकार के आयोजन समाज के प्रति बैंक की प्रतिबद्धता को मजबूत करते रहेंगे।

 

भंडारे में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं, ग्राहकों एवं स्थानीय नागरिकों ने प्रसाद ग्रहण किया। आयोजन स्थल पर श्रद्धा, सेवा और सामाजिक एकता का वातावरण बना रहा। सभी आगंतुकों के लिए प्रसाद एवं भोजन की उत्कृष्ट व्यवस्था की गई थी।

 

कार्यक्रम के अंत में शाखा प्रबंधक श्री प्रदीप कुमार चौधरी ने सभी अतिथियों एवं उपस्थित जनसमुदाय का आभार व्यक्त किया। सीनियर मैनेजर श्री धनंजय सिंह ने आयोजन की सफलता में योगदान देने वाले सभी अधिकारियों, कर्मचारियों एवं सहयोगियों को धन्यवाद ज्ञापित किया।

 

बैंक अधिकारियों एवं कर्मचारियों के सामूहिक प्रयासों से यह विशाल भंडारा सफलतापूर्वक एवं भव्य रूप से संपन्न हुआ, जिसकी उपस्थित जनों ने भूरि-भूरि

प्रशंसा की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *