रास्ते में मिट्केटी डालने के विवाद में वृद्ध की हत्या, पांच के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज चार आरोपी गिरफ्तार
जौनपुर,। यूपी के जौनपुर में केराकत कोतवाली क्षेत्र के धरौरा गांव में रास्ते में मिट्टी डालने के विवाद को लेकर हुए संघर्ष में एक वृद्ध की मौत हो गई। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए पांच लोगों के खिलाफ हत्या समेत विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। थाना अंतर्गत धरौरा गांव निवासी रामदुलार सरोज (68) सोमवार को अपने घर पर थे। परिजनों का आरोप है कि रास्ते के विवाद को लेकर पट्टीदारों ने उन पर लोहे की रॉड से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल रामदुलार को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी मौत हो गई।
मृतक के पुत्र लोहा सरोज ने पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया है कि सतीश, शुभम, अमरेश, किशन सहित अन्य लोगों ने उनके पिता पर हमला किया। उन्होंने बताया कि परिवार द्वारा मकान निर्माण कराया जा रहा था। इसी दौरान रास्ते को लेकर विवाद चल रहा था। आरोप है कि विपक्षी पक्ष अधिक रास्ते की मांग कर रहा था और निर्माण कार्य का विरोध कर रहा था।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। मृतक के पुत्र की तहरीर के आधार पर पांच लोगों के विरुद्ध हत्या समेत संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।इस संबंध में मंगलवार को जानकारी देते हुए
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कुंवर अनुपम सिंह ने बताया कि केराकत थाना क्षेत्र में दो पट्टीदार पक्षों के बीच जमीन में मिट्टी डालने को लेकर विवाद हुआ था। विवाद के दौरान मारपीट में एक व्यक्ति घायल हो गया था, जिसे उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया, जहां उसकी मृत्यु हो गई। परिजनों की तहरीर के आधार पर नामजद एवं अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।चार आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया गया है अन्य आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है
।

