राम मंदिर चढ़ावा मामले की एसआईटी जांच पर राजेंद्र पाल गौतम ने उठाए सवाल, बोले- ‘बड़े लोगों को बचाया जा रहा है’

राम मंदिर चढ़ावा मामले की एसआईटी जांच पर राजेंद्र पाल गौतम ने उठाए सवाल, बोले- ‘बड़े लोगों को बचाया जा रहा है’

जौनपुर। यूपी के जौनपुर में कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी एवं पूर्व मंत्री राजेंद्र पाल गौतम शुक्रवार को जौनपुर दौरे पर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने मीडिया से बातचीत में राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले की जांच कर रही एसआईटी पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि उन्हें इस जांच पर बिल्कुल भरोसा नहीं है। उनका आरोप था कि जिन लोगों पर सवाल उठ रहे हैं, उन्हीं के प्रभाव में जांच हो रही है, इसलिए न्याय की उम्मीद कम है।
गौतम ने आरोप लगाया कि असली आरोपियों को बचाने के लिए छोटे कर्मचारियों को जेल भेजा जा रहा है। उन्होंने मंदिर ट्रस्ट की कार्यप्रणाली और सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि जब पुलिस, सीआईएसएफ और सीआरपीएफ जैसी एजेंसियां उपलब्ध हैं, तो निजी सुरक्षा एजेंसी पर करोड़ों रुपये खर्च करने की क्या जरूरत थी।
उन्होंने दावा किया कि राम मंदिर निर्माण से पहले आए चंदे का भी पूरा हिसाब सार्वजनिक नहीं किया गया। उनके अनुसार मंदिर ट्रस्ट के गठन से लेकर उसकी व्यवस्था तक के फैसले केंद्र स्तर पर लिए गए, इसलिए पूरे मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।
2027 के विधानसभा चुनाव पर बोलते हुए गौतम ने कहा कि कांग्रेस संगठन को मजबूत किया जा रहा है और पार्टी पूरी ताकत के साथ चुनाव मैदान में उतरेगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस किसानों, मजदूरों और आम जनता के बीच जाकर भाजपा सरकार की नीतियों के खिलाफ अभियान चलाएगी।
गठबंधन के सवाल पर उन्होंने कहा कि कांग्रेस को सम्मानजनक और बराबर की हिस्सेदारी मिलनी चाहिए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस एक राष्ट्रीय पार्टी है और भाजपा का मुकाबला करने की क्षमता रखती है। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि गठबंधन में किसी प्रकार की दरार नहीं है और अंतिम निर्णय पार्टी का शीर्ष नेतृत्व करेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *