अज्ञात वाहन ने बाइक को मारी टक्कर, जिला अस्पताल रेफर
अयोध्या।रायबरेली हाईवे पर शनिवार सुबह एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन की टक्कर से 18 वर्षीय बाइक सवार किशोर गंभीर रूप से घायल हो गया।यह घटना इनायतनगर थाना क्षेत्र के मुंगीशपुर गांव के पास हुई। टक्कर इतनी भीषण थी कि किशोर बाइक समेत हाईवे किनारे गड्ढे में जा गिरा,जिससे बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।राहगीरों और स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस और 1033 एंबुलेंस को सूचना ‘दी। सूचना मिलने पर एंबुलेंस कर्मी और इनायतनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस टीम में सीसी प्रभारी जोखन यादव और कांस्टेबल अशोक वर्मा शामिल थे। घायल किशोर को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) मिल्कीपुर ले जाया गया।सीएचसी में चिकित्सक डॉ. अनिल कुमार ने प्राथमिक उपचार के बाद घायल की गंभीर हालत को देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया।पुलिस के अनुसार, घायल की पहचान इनायतनगर थाना क्षेत्र के मंजनाई पूरे पिड़िया गांव निवासी अंकित (18) पुत्र राम गरीब के रूप में हुई है। बताया गया कि अंकित शनिवार सुबह मिल्कीपुर से कुचेरा जा रहा था, तभी मुंगीशपुर गांव के पास पीछे से आए एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर मारने के बाद चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया।पुलिस ने क्षतिग्रस्त बाइक को कब्जे में लेकर इनायतनगर थाने पहुंचा दिया है।अज्ञात वाहन की पहचान और उसके चालक की तलाश की जा रही है। घटना के बाद कुछ समय के लिए हाईवे पर अफरा-तफरी का माहौल रहा, जिसे पुलिस ने मौके पर पहुंचकर यातायात सामान्य कर नियंत्रित किया।

