जिलाधिकारी की अध्यक्षता में बिलग्राम तहसील में आयोजित हुआ संपूर्ण समाधान दिवस*

जिलाधिकारी की अध्यक्षता में बिलग्राम तहसील में आयोजित हुआ संपूर्ण समाधान दिवस*

*रिपोर्ट-जनार्दन श्रीवास्तव*

*हरदोई* शनिवार को तहसील बिलग्राम में जिलाधिकारी अनुनय झा की अध्यक्षता में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। जिलाधिकारी ने आमजन की समस्याओं को गंभीरतापूर्वक सुना और संबंधित अधिकारियों को प्रत्येक शिकायत का समयबद्ध, निष्पक्ष एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। संपूर्ण समाधान दिवस में राजस्व, पुलिस, विद्युत, जल निगम, समाज कल्याण, खाद्य एवं रसद, पेंशन, आवास तथा अन्य विभागों से संबंधित शिकायतें प्राप्त हुईं। जिलाधिकारी ने अधिकारियों से कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप प्रत्येक शिकायत का निस्तारण प्राथमिकता के आधार पर किया जाए तथा शिकायतकर्ता को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। सुनवाई के दौरान वरासत की एक शिकायत लंबे समय से लंबित पाए जाने पर जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने संबंधित राजस्व अधिकारियों से विलंब का कारण पूछा और स्पष्ट निर्देश दिए कि वरासत एवं अन्य राजस्व मामलों का निस्तारण निर्धारित समय सीमा के भीतर हर हाल में किया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही, अनावश्यक विलंब या उदासीनता किसी भी स्तर पर स्वीकार नहीं की जाएगी तथा दोषी अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्यवाही की जाएगी।
जिलाधिकारी ने भूमि विवाद एवं कब्जे से संबंधित मामलों में राजस्व एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीम बनाकर मौके पर जांच करने तथा निष्पक्ष कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही विद्युत, पेयजल, सड़क एवं जनकल्याणकारी योजनाओं से जुड़ी शिकायतों का त्वरित समाधान करने पर बल दिया। उन्होंने कहा कि संपूर्ण समाधान दिवस का उद्देश्य जनता की समस्याओं का प्रभावी समाधान कर प्रशासन के प्रति विश्वास को मजबूत करना है। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा ने फरियादियों की समस्याओं को सुना तथा संबंधित को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। इस अवसर पर जिलाधिकारी ने पुलिस अधीक्षक व प्रभागीय निदेशक सामाजिक वानिकी के साथ तहसील परिसर मे पौधरोपण किया।
इस अवसर पर प्रभागीय निदेशक सामाजिक वानिकी जेबी शैडें, उप जिलाधिकारी बिलग्राम, मुख्य चिकित्सा अधिकारी भावनाथ पाण्डेय, परियोजना निदेशक डीआरडीए अशोक कुमार मौर्य सहित सभी जिला स्तरीय अधिकारी पुलिस विभाग से सम्बन्धित थानाध्यक्ष उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *