अतिक्रमण की गिरफ्त में नियावां मछली मंडी,जाम और अव्यवस्थाओं से परेशान राहगीर
अयोध्या।कैंट थाना क्षेत्र मे नियावां मछली मंडी इन दिनों अतिक्रमण और अव्यवस्थाओं के चलते लोगों के लिए परेशानी का सबब बनी हुई है। मंडी की दोनों पटरियों पर ठेले-खोमचे लगे होने के साथ ही एक ओर मछली बाजार संचालित हो रहा है।वहीं, मछली बाजार के सामने मछली काटने और बनाने के लिए रखी गई गुमटियां आवागमन में पूरी तरह बाधा उत्पन्न कर रही हैं।हालात यह हैं कि सड़क पर लगातार अतिक्रमण के चलते आए दिन जाम की स्थिति बन जाती है।कई बार जाम को लेकर वाहन चालकों और दुकानदारों के बीच कहासुनी इतनी बढ़ जाती है कि मामला बड़े विवाद का रूप ले लेता है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि थाना कैंट क्षेत्र की चौकी के अंतर्गत आने वाली नियावां मछली मंडी में अतिक्रमण लगातार बढ़ता जा रहा है, लेकिन जिम्मेदार पुलिसकर्मी इस ओर ध्यान देने की जहमत नहीं उठा रहे हैं।राहगीरों व
स्थानीय लोगों का कहना है कि चौकी इंचार्ज से लेकर वहां तैनात पुलिसकर्मियों तक की नजर इस गंभीर समस्या पर नहीं पड़ रही है।पुलिस की निष्क्रियता के चलते अतिक्रमण कारियों के हौसले बुलंद हैं और राहगीरों को रोजाना जाम तथा अव्यवस्थाओं का सामना करना पड़ रहा है।

