खुरपका मुँहपका टीकाकरण अभियान के आठवें चरण का हुआ शुभारम्भ*
*रिपोर्ट-जनार्दन श्रीवास्तव*
*हरदोई* जिलाधिकारी अनुनय झा ने कलेक्ट्रेट परिसर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रीय पशुरोग नियंत्रण कार्यक्रम के अन्तर्गत खुरपका मुँहपका टीकाकरण अभियान के आठवें चरण का हरी झण्डी दिखाकर शुभारम्भ किया। इस अवसर पर टीकाकरण करने हेतु गठित टीमों को रोस्टर अनुसार ग्रामों में पहुँचकर टीकाकरण पशुपालक के द्वार पर जाकर निःशुल्क करने हेतु रवाना किया गया।
मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी द्वारा जनपद के समस्त पशुपालकों से अपील की गयी कि टीम द्वारा किये गये टीकाकरण का विवरण भारत पशुधन ऐप पर कान के छल्ला नम्बर के साथ अपलोड किया जायेगा, इस हेतु टीकाकरण कार्यकर्ता को अपेक्षित सहयोग प्रदान करें।
इसी क्रम में विकास खण्ड मल्लावां में माननीय विधायक आशीष सिंह ‘आशू’ जी, विकास खण्ड माधौगंज में मा. विधायक जी की पूज्यनीय माता जी विमला देवी जी के कर कमलों से तथा इसके अतिरिक्त जनपद के विभिन्न ब्लाकों में माननीय प्रमुख एवं क्षेत्रीय प्रतिनिधियों द्वारा हरी झण्डी दिखाकर उक्त अभियान का शुभारम्भ किया गया।
उक्त अभियान जनपद में दिनांक 22.07.2026 से 08.09.2026 तक (कुल 45 दिवस) संचालित होगा। अभियान के अन्तर्गत गठित टीमों द्वारा जनपद में 8,38,000 (गोवंशीय एवं महिषवंशीय) पशुओं में खुरपका मुँहपका रोग की रोकथाम हेतु टीकाकरण पशुपालक के द्वार पर जाकर निःशुल्क किया जायेगा। टीकाकरण के दौरान 08 माह से अधिक गाभिन पशु एवं 04 माह से छोटे बच्चों का टीकाकरण नहीं किया जाएगा।
इस अवसर पर मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी, समस्त उप मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी / पशु चिकित्सा अधिकारी, पशुधन प्रसार अधिकारी एवं पशुमित्र उपस्थित रहे।

