प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने किया औचक निरीक्षण, अनुपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों के वेतन रोकने के दिये निर्देश

प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने किया औचक निरीक्षण, अनुपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों के वेतन रोकने के दिये निर्देश

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा. गंगाराम गौतम द्वारा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र रंजीतपुर का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान चिकित्सकीय एवं प्रशासनिक व्यवस्थाओं का अवलोकन किया गया।

निरीक्षण के समय डॉ. तूईना समीम, फार्मासिस्ट धर्मेंद्र यादव तथा लैब टेक्नीशियन प्रभावती मौर्य अनुपस्थित पाए गए। बिना पूर्व अनुमति अनुपस्थित पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों के वेतन रोकने के निर्देश दिए गए तथा उनसे स्पष्टीकरण प्राप्त करने के लिए भी निर्देशित किया गया।

साथ ही स्वास्थ्य केंद्र पर सभी कर्मचारियों को समय से उपस्थित होकर गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने तथा शासन की मंशा के अनुरूप कार्य करने के निर्देश दिए गए।

इसके उपरान्त प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र परियावा का निरीक्षण किया गया, निरीक्षण के दौरान चिकित्सा अधिकारी, वार्ड बॉय तथा एएनएम अनुपस्थित पाए गए। अनुपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों के वेतन रोकने के निर्देश दिए गए।

निरीक्षण में स्वास्थ्य केन्द्र की साफ-सफाई संतोषजनक पाई गई तथा सभी आवश्यक औषधियां उपलब्ध थीं। फार्मासिस्ट को निर्देशित किया गया कि डीवीडीएम पोर्टल पर औषधियों से संबंधित सभी दावों/प्रविष्टियों को समयबद्ध रूप से अपलोड करना सुनिश्चित करें, जिससे दवा प्रबंधन प्रणाली का प्रभावी संचालन हो सके।

प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कुद्दूपुर का निरीक्षण के दौरान सभी अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित पाए गए। चिकित्सालय में टीकाकरण कार्य निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार नियमित रूप से संचालित होता पाया गया। निरीक्षण के समय चिकित्सा प्रभारी को निर्देशित किया गया कि एचपीवी वैक्सीन के अंतर्गत पात्र लाभार्थियों का शत-प्रतिशत टीकाकरण सुनिश्चित किया जाए तथा टीकाकरण से संबंधित समस्त प्रविष्टियाँ निर्धारित समय-सीमा के भीतर ई-कवच पोर्टल पर अनिवार्य रूप से अपलोड की जाएँ, जिससे अभिलेखों का समुचित संधारण एवं प्रगति की प्रभावी निगरानी सुनिश्चित हो सके।

———
जिला सूचना कार्यालय, जौनपुर द्वारा जारी

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *