ब्यूरो चीफ / सत्य प्रकाश उपाध्याय
ग्रेटर नोएडा : ग्रेटर नोएडा वेस्ट स्थित उफैरिया मॉल में बुधवार देर रात शराब को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। वाइन शॉप बंद होने के बाद शराब खरीदने पहुंचे कुछ युवकों और दुकान के स्टाफ के बीच शुरू हुई कहासुनी देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। घटना के दौरान लात-घूंसे चले, जबकि एक युवक द्वारा डंडे से हमला किए जाने की भी जानकारी सामने आई है।
मौके पर मौजूद लोगों ने पूरी घटना का वीडियो अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में कई युवक आपस में मारपीट करते दिखाई दे रहे हैं।
स्थानीय निवासियों का आरोप है कि मॉल परिसर में इस तरह की घटनाएं अक्सर देखने को मिलती हैं। उनका कहना है कि देर रात तक संचालित होने वाली दुकानों और शराब की दुकान के कारण असामाजिक तत्वों का जमावड़ा लगा रहता है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि इस संबंध में कई बार पुलिस चौकी और थाना स्तर पर शिकायतें की गईं, लेकिन अब तक प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। साथ ही उन्होंने खुले में शराब पीने, देर रात तक रेहड़ी-पटरी लगने, असामाजिक गतिविधियों तथा कथित अवैध मसाज पार्लरों के संचालन पर भी चिंता व्यक्त की।
सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच जारी
बिसरख थाना प्रभारी मुनेंद्र सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि वाइन शॉप बंद होने के बाद कुछ लोग शराब खरीदने पहुंचे थे। स्टाफ द्वारा शराब देने से मना किए जाने पर दोनों पक्षों के बीच विवाद हो गया, जो बाद में मारपीट में बदल गया।
पुलिस ने बताया कि मॉल परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। मारपीट में शामिल लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ विधिक कार्रवाई की जा रही है।

