पीसीएस सहित विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं के अभ्यर्थियों से मिले अखिलेश यादव, अतिरिक्त अवसर देने की मांग का किया समर्थन
लखनऊ, (आरएनएस )। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने शुक्रवार को पीसीएस, आरओ/एआरओ तथा बीईओ परीक्षा की तैयारी कर रहे उन अभ्यर्थियों से मुलाकात की, जो कोरोना काल, पाठ्यक्रम में बदलाव और नई सेवा भर्ती नियमावली के कारण आयु सीमा पार कर चुके हैं। इस दौरान अभ्यर्थियों ने उन्हें ज्ञापन सौंपकर प्रतियोगी परीक्षाओं में अतिरिक्त अवसर दिए जाने की मांग उठाई।अभ्यर्थियों ने ज्ञापन में कहा कि वर्ष 2019 से 2021 के बीच कोरोना महामारी के कारण पढ़ाई और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारियां गंभीर रूप से प्रभावित हुईं। इसके बाद वर्ष 2023 से 2025 के दौरान पीसीएस परीक्षा के पाठ्यक्रम में व्यापक बदलाव किए गए, जिससे उन्हें नई व्यवस्था के अनुसार दोबारा तैयारी करनी पड़ी। उनका कहना था कि नई सेवा भर्ती नियमावली-2026 लागू होने के बावजूद आयु सीमा पार कर चुके अभ्यर्थियों को उसका लाभ नहीं मिल पा रहा है।अभ्यर्थियों ने मांग की कि परिस्थितियों को देखते हुए पीसीएस परीक्षा में दो अतिरिक्त अवसर तथा समीक्षा अधिकारी/सहायक समीक्षा अधिकारी (आरओ/एआरओ) और खंड शिक्षा अधिकारी (बीईओ) भर्ती परीक्षा में एक अतिरिक्त अवसर दिया जाए, ताकि वर्षों से तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के साथ न्याय हो सके।इस अवसर पर अखिलेश यादव ने अभ्यर्थियों की मांगों का समर्थन करते हुए कहा कि लंबे समय से प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं की समस्याओं को गंभीरता से सुना जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि कोरोना काल, पाठ्यक्रम में बदलाव और भर्ती प्रक्रिया में हुए परिवर्तनों का असर बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों पर पड़ा है।अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी युवाओं के संघर्ष के साथ खड़ी है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि यदि प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार बनती है तो इन अभ्यर्थियों की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा और उनकी मांगों पर सकारात्मक निर्णय लिया जाएगा।अभ्यर्थियों ने भी सरकार से मांग की कि उनके वर्षों के परिश्रम, बदली हुई परिस्थितियों और भविष्य को ध्यान में रखते हुए अतिरिक्त अवसर प्रदान किए जाएं, ताकि वे प्रतियोगी परीक्षाओं में अपनी योग्यता के आधार पर भाग ले सकें।

