नोएडा में 16वीं मंजिल से गिरकर नवविवाहिता की मौत, मायके वालों ने पति पर लगाया दहेज हत्या का आरोप

ब्यूरो चीफ / सत्य प्रकाश उपाध्याय
नोएडा : नोएडा सेक्टर-108 स्थित डिवाइन मीडोज सोसाइटी में रविवार शाम एक 24 वर्षीय नवविवाहिता की 16वीं मंजिल से गिरने के बाद मौत हो गई। गंभीर हालत में परिजन उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। महिला की शादी करीब एक महीने पहले 11 जुलाई को हुई थी। घटना के बाद महिला के मायके वालों ने उसके पति पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने और हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, मृतका की पहचान कामिनी कुमारी (24) के रूप में हुई है। वह मूलरूप से एटा की रहने वाली थी और अपने पति मंथन धीमान के साथ सेक्टर-108 स्थित डिवाइन मीडोज सोसाइटी के लिली टावर के फ्लैट नंबर-1602 में किराये पर रह रही थी। मंथन मूलरूप से देहरादून का रहने वाला है और पेशे से वीडियो एडिटर है।
शादी के बाद सोसाइटी में रह रही थी महिला
कामिनी और मंथन की शादी 11 जुलाई को हुई थी। शादी के बाद दोनों नोएडा में किराये के फ्लैट में रह रहे थे। कामिनी पहले एक बीपीओ में नौकरी करती थी, लेकिन कुछ समय पहले उसने नौकरी छोड़ दी थी।
पति ने बताया- डिप्रेशन में थी कामिनी
पुलिस पूछताछ में पति मंथन ने बताया कि कामिनी पिछले कुछ समय से मानसिक तनाव और डिप्रेशन में थी तथा उसका इलाज चल रहा था। हालांकि, पुलिस द्वारा इलाज से संबंधित दस्तावेज मांगे जाने पर वह तत्काल कोई कागजात उपलब्ध नहीं करा सका। ऐसे में पुलिस उसके इस दावे की भी जांच कर रही है।
पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि घटना से पहले दंपति के बीच किसी बात को लेकर विवाद या कहासुनी हुई थी या नहीं। घटनास्थल और आसपास के लोगों से भी जानकारी जुटाई जा रही है।
मायके वालों ने लगाया दहेज हत्या का आरोप
घटना की सूचना मिलने के बाद कामिनी के मायके वाले नोएडा पहुंचे। परिजनों ने उसके पति पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने और हत्या करने का आरोप लगाया। उनका कहना है कि कामिनी की मौत को सामान्य घटना नहीं माना जा सकता और मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।
पुलिस कर रही मामले की जांच
पुलिस का कहना है कि परिजनों की शिकायत के आधार पर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच शुरू कर दी है। महिला की मौत आत्महत्या थी या इसके पीछे कोई अन्य वजह थी, इसका पता जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *