ब्यूरो चीफ / सत्य प्रकाश उपाध्याय
ग्रेटर नोएडा : ग्रेटर नोएडा में देशभक्ति और राष्ट्रप्रेम की भावना को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से बुधवार को बिसरख मंडल द्वारा भव्य तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। यात्रा में बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं एवं स्थानीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। हाथों में तिरंगा लेकर निकले कार्यकर्ताओं ने देश की एकता, अखंडता और राष्ट्र की शान के प्रतीक तिरंगे के प्रति सम्मान का संदेश दिया।
तिरंगा यात्रा के दौरान पूरे मार्ग पर “हर घर तिरंगा, घर-घर तिरंगा” और राष्ट्रभक्ति से जुड़े नारों की गूंज सुनाई दी। कार्यकर्ताओं में देशप्रेम और उत्साह का माहौल देखने को मिला। यात्रा के माध्यम से लोगों को अपने घरों पर तिरंगा फहराने तथा स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर राष्ट्र के प्रति सम्मान और गौरव की भावना को मजबूत करने का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम में विधायक तेजपाल नागर ने सहभागिता करते हुए कहा कि तिरंगा देश की आन, बान और शान का प्रतीक है। प्रत्येक नागरिक के मन में राष्ट्रप्रेम और देश के प्रति समर्पण की भावना होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि तिरंगा यात्रा जैसे आयोजन समाज में राष्ट्रीय एकता और भाईचारे की भावना को और मजबूत करते हैं।
इस अवसर पर जिला अध्यक्ष अभिषेक शर्मा , मंडल प्रभारी अरुण प्रधान , मंडल अध्यक्ष लोकेश त्यागी तथा मंडल मंत्री राजकुमार दुबे सहित बड़ी संख्या में सम्मानित कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे। सभी ने देश की एकता, अखंडता और गौरव को बनाए रखने का संकल्प लिया।
तिरंगा यात्रा ने क्षेत्र में देशभक्ति का वातावरण बनाया और लोगों को राष्ट्रध्वज के सम्मान के साथ “हर घर तिरंगा” अभियान से जुड़ने का प्रेरणादायक संदेश दिया।

