डाकघरों से 135 देशों में ट्रैकिंग सुविधा के साथ भेजें राखी- पोस्टमास्टर जनरल

डाकघरों से 135 देशों में ट्रैकिंग सुविधा के साथ भेजें राखी- पोस्टमास्टर जनरल

देश भर में स्पीड पोस्ट द्वारा राखी भेजने पर 10 % विशेष छूट- पोस्टमास्टर जनरल कृष्ण कुमार यादव

प्रयागराज। रक्षाबंधन भाई-बहन के अटूट प्रेम, विश्वास और स्नेह का पर्व है। यदि आपका भाई विदेश में रहते हैं, तो अब दूरी आपके स्नेह में बाधा नहीं बनेगी। भारतीय डाक विभाग अपनी इंटरनेशनल ट्रैक्ड पैकेट सर्विस के माध्यम से 135 देशों में बेहद किफायती दरों पर राखी, एवं उपहार सुरक्षित व ट्रैकिंग सुविधा के साथ भेजने की सुविधा उपलब्ध करा रहा है।

उक्त जानकारी देते हुए उत्तर गुजरात क्षेत्र के पोस्टमास्टर जनरल कृष्ण कुमार यादव ने बताया कि इंटरनेशनल ट्रैक्ड पैकेट सर्विस अंतरराष्ट्रीय ई-कॉमर्स की बढ़ती आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए विकसित की गई एक विशेष सेवा है। यह सेवा व्यवसायिक ग्राहकों के साथ-साथ आम नागरिकों के लिए भी उपलब्ध है। इसके माध्यम से ग्राहक अधिकतम 5 किलोग्राम तक का पार्सल भेज सकते हैं, जो संबंधित गंतव्य देश द्वारा निर्धारित अधिकतम वजन सीमा के अधीन होगा। इंटरनेशनल ट्रैक्ड पैकेट सर्विस की सबसे बड़ी विशेषता एंड-टू-एंड ऑनलाइन ट्रैकिंग है। कम लागत, विश्वसनीय सेवा, व्यापक पहुँच और ट्रैकिंग सुविधा के कारण यह विदेशों में राखी भेजने का सबसे भरोसेमंद माध्यम बनकर उभरी है।

पोस्टमास्टर जनरल कृष्ण कुमार यादव ने बताया कि भारतीय डाक की इंटरनेशनल ट्रैक्ड पैकेट सर्विस उन लाखों भारतीय परिवारों के लिए भावनात्मक सेतु का कार्य कर रही है, जिनके अपने विदेशों में रहते हैं। इस सुविधा के अंतर्गत थाईलैंड, भूटान, चीन, म्यांमार, सिंगापुर तथा संयुक्त अरब अमीरात जैसे देशों में शुरूआती 50 ग्राम तक सिर्फ ₹185 में भेजा जा सकता है। वहीं मलेशिया, हांगकांग, कज़ाख़स्तान एवं वियतनाम के लिए शुरुआती 50 ग्राम का शुल्क ₹190 है। ग्रेट ब्रिटेन के लिए ₹200, जर्मनी और साउथ अफ्रीका के लिए ₹245, नीदरलैंड के लिए ₹320, ऑस्ट्रिया और बेल्जियम के लिए ₹325, फ्रांस के लिए ₹335, इटली के लिए ₹350, कनाडा के लिए ₹360, ऑस्ट्रेलिया के लिए ₹395, अमेरिका के लिए ₹400 की दर निर्धारित की गई है। इसके अतिरिक्त ब्राज़ील, मैक्सिको, अर्जेंटीना सहित अनेक देशों के लिए भी आकर्षक दरें उपलब्ध हैं। उपर्युक्त दरों पर जीएसटी (18%) अतिरिक्त देय होगा।

 

 

 

खड़गे की हल्द्वानी रैली के बाद भाजपा द्वारा स्टेज शुद्धिकरण पर भड़के कांग्रेसी

प्रयागराज। शहर कांग्रेस एवं जिला यमुना पार इकाई ने कांग्रेस अध्यक्ष एवं राज्यसभा में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खड़गे की उत्तराखंड के हल्द्वानी में हुई विजय शंखनाद रैली के बाद भाजपा द्वारा मंच के शुद्धिकरण एवं यज्ञ के खिलाफ मार्च एवं सत्याग्रह कर विरोध जताया।

शुक्रवार सायं पत्थर गिरजा धरना स्थल से कांग्रेसजनों ने शहर अध्यक्ष फुज़ैल हाशमी के नेतृत्व में डॉ अंबेडकर की मूर्ति तक मार्च एवं सत्याग्रह किया। इस मौके पर डॉक्टर अंबेडकर की प्रतिमा पर हुई सभा में पूर्व विधायक अनुग्रह नारायण सिंह ने इसे दलित विरोधी मानसिकता और छुआछूत से जोड़कर अपमान बताया। कांग्रेस की राष्ट्रीय सचिव ज़रिता लतफलांग ने भाजपा पर गंभीर आरोप लगाए।

इस दौरान मोदी -धामी मुर्दाबाद के नारे लगाए। पार्टीजनों ने कहा कि यह भाजपा और आरएसएस की छोटी सोच है। सवाल किया कि भाजपा के जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्यवाही क्यों नहीं हुई। दोषियों के गिरफ्तारी की मांग भी की।

यूपीसीसी के पूर्व प्रवक्ता किशोर वार्ष्णेय ने सभा का संचालन किया।

इस दौरान जिलाध्यक्ष अशोक पटेल, किशोर वार्ष्णेय, हरिकेश त्रिपाठी, अशफाक अहमद, मुकुंद तिवारी, विजय मिश्रा, रजनीश सिंह रिशु , संजय तिवारी, परवेज़ सिद्दीकी, प्रदीप अंशुमन , अरशद अली, विनय दुबे , अफरोज अहमद , अनूप त्रिपाठी , डॉ अनिल गौर, सुशील तिवारी, सुष्मिता यादव , रविंद्र सिंह , जितेंद्र नायक सहित सैकड़ों मौजूद थे।

 

 

 

 

फोटो

इलाज के दौरान आशा कार्यकर्ती की मौत, परिजनों ने किया चक्काजाम

कर्मचारियों पर बेटे और बेटी पर धारदार हथियार से हमले का आरोप

प्रयागराज। सोरांव थाना क्षेत्र स्थित होलागढ़ मोड़ के पास निशा नर्सिंग होम में शुक्रवार को इलाज के दौरान एक महिला की 11:30 बजे मौत हो गई। नाराज परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन पर लापरवाही और मारपीट का आरोप लगाते हुए शव को प्रयागराज-अयोध्या मार्ग पर रखकर प्रदर्शन किया। परिजनों ने सोरांव थाने में तहरीर देकर अस्पताल के डॉक्टर, स्टाफ, संचालक और मैनेजर पर लापरवाही व गलत दवा देने का आरोप लगाया है। आरोप है कि विरोध करने पर अस्पताल कर्मचारी ने मृतका के बेटे और पिता पर हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया गया। बहन के साथ भी मारपीट की गई, जिससे अधिक खून बहने पर वह बेहोश हो गई।

परिजनों ने करीब 2 घंटे जमकर हंगामा किया। प्रदर्शन के कारण सड़क पर दो किलोमीटर लंबा जाम लग गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार सेवईत गांव निवासी गीता देवी (40) आशा कार्यकर्ती थीं। परिजनों के अनुसार, गीता देवी हृदय रोग से पीड़ित थीं और 2 अगस्त से आयुष्मान कार्ड के तहत निशा नर्सिंग होम में उनका उपचार चल रहा था। शुक्रवार दोपहर 11:30 बजे अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई और इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। मृतका के बेटे विकास कुमार ने सोरांव थाने में दी गई तहरीर में आरोप लगाया है कि मां की मौत के बाद जब उन्होंने अस्पताल प्रशासन से उपचार की जानकारी और मेडिकल रिपोर्ट मांगी तो डॉक्टर, स्टाफ, संचालक और मैनेजर ने गाली-गलौज शुरू कर दी।

विरोध करने पर उनके भाई आकाश पर धारदार हथियार से हमला किया गया, जबकि बहन और पिता के साथ भी मारपीट की गई। परिजनों का कहना है कि घटना में आकाश गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि बहन सुनीता अधिक खून बहने के कारण बेहोश हो गई।

घटना से आक्रोशित परिजनों ने शव को प्रयागराज-अयोध्या मार्ग पर रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। सड़क जाम होने से दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। सूचना पर एसीपी श्यामजीत प्रमिला सिंह, प्रभारी निरीक्षक दीनदयाल सिंह, तहसीलदार सोरांव समेत पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने कार्रवाई का आश्वासन देकर परिजनों को शांत कराया, जिसके बाद जाम समाप्त हुआ।

 

बाक्स

नर्सिंग होम सीज, 18 मरीजों को कराया शिफ्ट

प्रयागराज। एसीपी श्यामजीत प्रमिला सिंह ने बताया कि परिजनों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों की स्पष्ट जानकारी मिल सकेगी।

उधर, स्वास्थ्य विभाग की टीम ने जांच के बाद निशा नर्सिंग होम को सीज कर दिया। अस्पताल में भर्ती 18 मरीजों को अन्य अस्पतालों में स्थानांतरित कराया गया। कार्रवाई के दौरान अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आर.सी. पांडेय, जिला स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी राकेश जायसवाल, पंकज पांडेय, नायब तहसीलदार धीरज पटेल और पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।

 

 

 

 

ठाकुर रोशन सिंह के नाम पर हो SRN अस्पताल

10वें दिन जारी रहा अनिश्चितकालीन धरना*

प्रयागराज। मोतीलाल नेहरू राजकीय मेडिकल कॉलेज से संबद्ध मंडलीय चिकित्सालय ‘स्वरूप रानी नेहरू’ अस्पताल का नाम बदलकर ‘अमर शहीद ठाकुर रोशन सिंह’ के नाम पर रखने की मांग को लेकर अनिश्चितकालीन धरना 14 अगस्त को 10वें दिन भी जारी रहा। यह धरना महुआ डाबर संग्रहालय परिवार के नेतृत्व में चल रहा है।

10वें दिन धरने को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि जिस स्थान पर कभी मलाका जेल हुआ करती थी, वहीं आज SRN अस्पताल स्थित है। इसी मलाका जेल में काकोरी केस के अमर क्रांतिकारी ठाकुर रोशन सिंह ने 19 दिसंबर 1927 को देश की आजादी के लिए फांसी का फंदा चूमा था। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि जिस भूमि पर क्रांतिकारी ठाकुर रोशन सिंह ने अपना सर्वोच्च बलिदान दिया, उस स्थान को उनके नाम से पहचान मिलनी चाहिए।

धरने में वक्ताओं ने कहा कि आगामी 19 दिसंबर से ठाकुर रोशन सिंह के बलिदान का शताब्दी वर्ष शुरू होने जा रहा है। ऐसे समय में उनके बलिदान स्थल को सम्मान और ऐतिहासिक पहचान दिलाना और भी महत्वपूर्ण हो जाता है। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि पूर्व की सरकारों से जो चूक हुई, उसे अब सुधारा जाना चाहिए और प्रयागराज की इस ऐतिहासिक धरती पर अमर शहीद की स्मृति को स्थायी पहचान मिलनी चाहिए।

धरने के दसवें दिन छात्र, युवा, अधिवक्ता और सामाजिक कार्यकर्ताओं समेत बड़ी संख्या में नागरिक पहुंचे। इस दौरान डॉ. शाह आलम राना, डॉ. अवनीश सिंह, सौरभ तिवारी, भीष्म सिंह, सोनू चौधरी, आयुष मिश्रा, सुजीत मौर्या, आकाश द्विवेदी और सुनील केसरवानी समेत कई लोगों ने अपने विचार रखे।

 

 

 

 

फोटो

संगम की लहरों पर शान से लहराया तिरंगा

04वीं वाहिनी पीएसी प्रयागराज ने नौका यात्रा निकाल दिया देशभक्ति का संदेश

प्रयागराज। ‘हर घर तिरंगा अभियान- 2026’ के तहत शुक्रवार को पवित्र संगम क्षेत्र एक अनोखे देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आया। 04वीं वाहिनी पीएसी, प्रयागराज द्वारा गंगा और संगम की पावन लहरों पर भव्य “तिरंगा नौका यात्रा” का आयोजन किया गया।

पीएसी सेनानायक सर्वेश कुमार मिश्र (आईपीएस) के कुशल नेतृत्व में आयोजित इस जल यात्रा ने न केवल संगम तट पर मौजूद श्रद्धालुओं का मन मोहा, बल्कि संपूर्ण क्षेत्र को राष्ट्रीय एकता और अखंडता के संदेश से गुंजायमान कर दिया।

शासन द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान (09 से 17 अगस्त) के अंतर्गत आयोजित इस कार्यक्रम में सुसज्जित नौकाओं पर राष्ट्रध्वज तिरंगा फहराते हुए पीएसी के अधिकारियों व जवानों ने नौकायन किया। राष्ट्रभक्ति के नारों और गीतों के बीच संगम की लहरों पर तैरते तिरंगे को देख तट पर उपस्थित स्थानीय नागरिकों और श्रद्धालुओं में भारी उत्साह देखा गया। आमजन ने भी भारत माता की जय के उद्घोष के साथ अभियान के प्रति अपना समर्थन जताया।

सेनानायक सर्वेश कुमार मिश्र ने इस अवसर पर कहा कि कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य आम नागरिकों में राष्ट्रप्रेम, राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सर्वोच्च सम्मान और ‘एक भारत-श्रेष्ठ भारत’ की भावना को और अधिक सुदृढ़ करना है।

इस दौरान वाहिनी के उपसेनानायक, सहायक सेनानायक, सैन्य सहायक, शिविरपाल सहित वाहिनी के समस्त अधिकारी, कर्मचारी एवं पुलिसबल के जवान मौजूद रहे।

 

 

 

 

फोटो

प्रो. अखिलेश सिंह ने संभाला मुक्त विश्वविद्यालय के कुलपति का अतिरिक्त कार्यभार

प्रयागराज। उत्तर प्रदेश राजर्षि टण्डन मुक्त विश्वविद्यालय, प्रयागराज में शुक्रवार को प्रोफेसर राजेंद्र सिंह रज्जू भैया विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. अखिलेश सिंह ने कुलपति पद का अतिरिक्त कार्यभार ग्रहण किया। विश्वविद्यालय पहुंचने पर अधिकारियों, शिक्षकों एवं कर्मचारियों ने उनका स्वागत किया।

प्रदेश की राज्यपाल एवं विश्वविद्यालय की कुलाधिपति श्रीमती आनंदीबेन पटेल द्वारा प्रो. अखिलेश सिंह को उत्तर प्रदेश राजर्षि टण्डन मुक्त विश्वविद्यालय के कुलपति पद का अतिरिक्त दायित्व प्रदान किया गया है। इसी क्रम में शुक्रवार को प्रो. सिंह ने विश्वविद्यालय पहुंचकर निवर्तमान कुलपति प्रो. सत्यकाम से कुलपति पद का कार्यभार ग्रहण किया।

कार्यभार ग्रहण करने के उपरांत प्रो. अखिलेश सिंह ने विश्वविद्यालय के वरिष्ठ अधिकारियों, निदेशकों, शिक्षकों एवं कर्मचारियों से परिचय प्राप्त किया और उनसे विश्वविद्यालय की शैक्षणिक एवं प्रशासनिक गतिविधियों के संबंध में जानकारी ली। इस अवसर पर विश्वविद्यालय परिवार के सदस्यों ने उनका स्वागत करते हुए सफल कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं दीं।

इस अवसर पर विश्वविद्यालय के कुलसचिव, वित्त अधिकारी, विभिन्न विद्याशाखाओं के निदेशक, शिक्षक, अधिकारी एवं कर्मचारी एवं शोध छात्र उपस्थित रहे।

 

 

 

 

अंडर-19 महिला संभावित शिविर के लिए तीन क्रिकेटरों का चयन

प्रयागराज। उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (यूपीसीए) की ओर से अंडर-19 महिला संभावित शिविर का आयोजन 17 अगस्त से कानपुर में किया जाएगा। इसके लिए प्रयागराज जिले की तीन खिलाड़ियों का चयन किया गया है। चयनित खिलाड़ियों को 16 अगस्त को शाम छह बजे कानपुर के कमला क्लब में रिपोर्ट करने के निर्देश दिए गए हैं।

इलाहाबाद क्रिकेट एसोसिएशन की निदेशक डॉ. जूली ओझा ने बताया कि प्रयागराज से कात्यायनी पाठक, रिया सोनकर और शिवानी मौर्य को संभावित शिविर के लिए चुना गया है। यूपीसीए के निर्देश के अनुसार सभी चयनित खिलाड़ियों को अपना कलर्ड किट साथ लेकर पहुंचने के लिए कहा गया है।

 

 

 

फोटो

हजारों मातृशक्ति की सहभागिता से गूंजा प्रयागराज

“वंदे मातरम्” के जयघोष के साथ निकला सामाजिक समरसता एवं राष्ट्रीय एकता मार्च–2026

प्रयागराज। पूनम संत महिला एवं विकास समिति की राष्ट्रीय अध्यक्ष मा. पूनम संत जी के नेतृत्व में आज प्रयागराज में “वंदे मातरम् – सामाजिक समरसता एवं राष्ट्रीय एकता मार्च–2026” का भव्य आयोजन किया गया। राष्ट्रप्रेम, सामाजिक समरसता, राष्ट्रीय एकता और अखंड भारत की भावना को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से आयोजित इस मार्च में हजारों की संख्या में मातृशक्ति ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।

मार्च के दौरान पूरा मार्ग “वंदे मातरम्”, “भारत माता की जय” और राष्ट्रभक्ति के नारों से गूंज उठा। ढोल-नगाड़ों और बैंड-बाजे की धुन के बीच हाथों में राष्ट्रीय ध्वज लेकर मातृशक्ति आगे बढ़ती रही और वातावरण पूर्णतः राष्ट्रभक्ति से सराबोर दिखाई दिया।

मार्च का विशेष आकर्षण घोड़े पर सवार वीरांगना रानी लक्ष्मीबाई के स्वरूप में बेटियों की शानदार प्रस्तुति रही। कार्यक्रम में बेटियों ने भारतीय सेना, पुलिस, डॉक्टर एवं अधिवक्ता के स्वरूप धारण कर सहभागिता की।

इस अवसर पर विशेष अतिथि हितपालस महाराज ने अपना आशीर्वचन प्रदान करते हुए वंदे मातरम् मार्च की सफलता पर राष्ट्रीय अध्यक्ष पूनम संत को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम में मुख्य रूप से राष्ट्रीय संयोजिका श्रीमती इजाबेल ब्रांडिस, राष्ट्रीय सचिव अभिषेक संत, जिला सचिव श्रीमती सीमा भारतीया, नगर महासचिव श्रीमती रति आर्या, नगर सचिव श्रीमती एकता भारतीया, प्रमुख सखियों श्रीमती प्रीति पटेल एवं श्रीमती मीना पाल सहित वरिष्ठ सखियों श्रीमती सीमा पटेल, श्रीमती प्रीति भारतीया, श्रीमती कंचन भारतीया, श्रीमती हीरा मणि पाल, श्रीमती प्रगति भारतीया, श्रीमती रविता भारतीया, श्रीमती मधु पाल, श्रीमती

रूबी भारतीया, श्रीमती साधना वर्मा सहित बड़ी संख्या में मातृशक्ति उपस्थित रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *