डीएम ने की स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण की समीक्षा
-गांवों में साफ सफाई पर विशेष ध्यान रखने के दिए निर्देश
चित्रकूट। डीएम पुलकित गर्ग ने बैठक कर स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) की समीक्षा की। जिसमें कुल निर्मित 232 आरआरसी केंद्रों के सापेक्ष मात्र 108 केंद्र ही संचालित होने पर नाराजगी व्यक्त की और निर्देश दिए कि ग्राम पंचायतों में निर्मित आरआरसी केंद्रों का शत प्रतिशत संचालन किया जाए। ई रिक्शा के माध्यम से डोर टू डोर कूड़ा कलेक्शन की कार्रवाई की जाए। आरआरसी केंद्रों पर प्राप्त प्लास्टिक या अन्य प्रकार के कचरे जिसे कबाड़ी को बेचा जा सकता है को बेचकर ग्राम पंचायत की स्वयं की आय सृजित की जाए। निर्देश दिये गये कि ग्रामीण क्षेत्रों में स्थित महत्वपूर्ण धार्मिक स्थलों के आसपास पर्याप्त साफ सफाई की व्यवस्था की जाए। ऐसे धार्मिक स्थानों अथवा अन्य ग्रामीण क्षेत्र के बाजारों में दुकानदारों को सूचित किया जाए कि वे सड़क किनारे कूड़ा न फेंकें और न जलायें। यदि कोई ऐसे निर्देशों का पालन न करें तो उनसे जुर्माना वसूला जाए। ऐसे स्थानों पर साफ सफाई की व्यवस्था संबंधित ग्राम पंचायत द्वारा की जानी है। जिसके लिए वो मासिक आधार पर सफाई शुल्क भी ले सकती है। इससे संबंधित ग्राम पंचायत की आय भी बढ़ेगी और हमारे धार्मिक स्थल और ग्रामीण बाजार क्षेत्र साफ सुथरे भी रह सकेंगे।
—————————-
फोटो-10
धूमधाम से मनाई गई तुलसीदास जयंती, निकली भव्य शोभायात्रा
चित्रकूट। श्री कामदगिरि पीठम ट्रस्ट द्वारा संचालित कामदगिरि प्रदक्षिणा प्रमुख द्वार पर भक्तिकवि गोस्वामी तुलसीदास की जयंती श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाई गई। पूरा परिक्रमा मार्ग जय सियाराम और रामचरितमानस के जयघोष से गूंज उठा। कार्यक्रम का शुभारंभ शोभायात्रा से हुआ। हाथी-घोड़े, बैंड-बाजे और झांकियों के साथ शोभायात्रा प्रमुख द्वार से होते हुए पूरे परिक्रमा मार्ग में निकली। रास्ते भर भक्तों ने पुष्पवर्षा कर संत शिरोमणि तुलसीदास का अभिनंदन किया। इस अवसर पर कामदगिरि प्रमुख द्वार के पीठाधीश्वर जगद्गुरु रामानंदाचार्य स्वामी रामस्वरूपाचार्य महाराज ने आरती पूजन एवं दीप प्रज्ज्वलन किया। इस मौके पर संत मदन गोपाल दास महाराज, भगवानदास शृंगारी महाराज, नागा नरसिंह दास, रामविष्णु दास महाराज सहित चित्रकूट के प्रमुख संत-महंत उपस्थित रहे। शोभायात्रा के पश्चात प्रमुख द्वार पर सामूहिक सुंदरकांड पाठ, हनुमान चालीसा और भजन संध्या का आयोजन किया गया। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।
—————
फोटो-11
विद्यालय में रोपे गए हरिशंकरी पौधे
चित्रकूट। पूर्व माध्यमिक विद्यालय छिपिहा में खंड शिक्षा अधिकारी मऊ कृष्णदत्त पांडेय एवं उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ के वरिष्ठ जिला उपाध्यक्ष आलोक कुमार गर्ग, एआरपी अखिलेश मिश्रा, प्रभारी प्रधानाध्यापक प्रभास पांडेय तथा संकुल शिक्षक अजय कुमार भारती समेत विद्यालय के बच्चों की उपस्थिति में विद्यालय परिसर में हरिशंकरी पौधों के रोपण के अंतर्गत पीपल, बरगद एवं पाकड़ के पौधे का रोपण किया गया। बीईओ ने ग्रामीणों से वृक्षारोपण के महत्व को बताते हुए ज्यादा से ज्यादा वृक्षारोपण करने को उत्साहित किया।
—————–
सड़क हादसा और ट्रैक्टर पलटने से किशोर समेत दो की मौत
-ट्रैक्टर चालक पर साजिशन हत्या का आरोप
चित्रकूट। जिले में मंगलवार रात हुए दो अलग-अलग हादसों में किशोर समेत युवक की मौत हो गई। दोनों घटनाओं से परिवारों में कोहराम मच गया।
पहली घटना बरगढ़ के कलचिहा गांव की है। यहां खेत की जुताई कर रहा ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर पलट गया। चालक सोनू विश्वकर्मा छिटककर बच गया, लेकिन बोनट पर बैठा गोलू केशरवानी (13) पुत्र अनिल केशरवानी ट्रैक्टर के नीचे दब गया। ग्रामीणों ने करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद उसे निकाला और शंकरगढ़ इलाज के लिए ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में उसकी मौत हो गई। मृतक की मां नीलम और पिता ने आरोप लगाया कि सोनू जबरन गोलू को घर से ले गया था और हादसे के बाद जानकारी भी नहीं दी। इलाज में देरी की गई। परिजनों ने चालक के खिलाफ साजिशन हत्या की तहरीर दी है। प्रभारी थानाध्यक्ष राजीव कुमार सिंह ने बताया कि शव पोस्टमार्टम को भेजा गया है।
दूसरी घटना सदर कोतवाली क्षेत्र के गढ़ीवा मार्ग पर हुई। लवकुश यादव (24) पुत्र स्व. शिवऔतार कर्वी से बाइक से गांव लौट रहा था। रात करीब 10 बजे गढ़ीवा पेट्रोल पंप के पास सब्जी लेकर आगे बढ़ते समय तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दी। टक्कर से बाइक चकनाचूर हो गई और लवकुश डिवाइडर से टकराकर दूर गिरा। सिर में गंभीर चोट से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वह जिला पंचायत कार्यालय में जेई के यहां रहता था। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम कराकर स्वजन को सौंप दिया है।
—————————-
फोटो-
बैठक करते डीएम पुलकित गर्ग।
यह फोटो 19 सीकेटी 02 में है।
डीएम ने समीक्षा बैठक कर कार्यदाई संस्था को 10 सितम्बर तक कार्य पूर्ण करने का दिया अंतिम अवसर
-कक्ष निर्माण में दो वर्ष से विलंब होने पर डीएम खफा
चित्रकूट। कलेक्ट्रेट सभागार में डीएम पुलकित गर्ग की अध्यक्षता में निर्माण कार्यों, कार्यदायी संस्थाओं एवं नामित तकनीकी, जांच अधिकारियों की समीक्षा बैठक संपन्न हुई।
बैठक में आरईडी द्वारा निर्मित जिला ग्राम विकास संस्थान के आवासीय भवनों तथा अन्य कार्यों की शिथिलता पर तीव्र असंतोष व्यक्त किया गया। राजकीय बालिका इंटर कॉलेज कर्वी के कक्ष निर्माण कार्य में विगत दो वर्षों से हो रहे विलंब को 10 सितंबर तक प्रत्येक दशा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण करने का अंतिम अवसर दिया गया है। जिलाधिकारी ने उपस्थित कार्यदायी संस्थाओं को निर्देशित किया कि जिनके स्कूल से संबंधित कार्य कराए जा रहे हैं वह समय अवधि के अंदर पूरा करें। कहा कि बच्चों के साथ खिलवाड़ नहीं होने दिया जाएगा। सभी स्वीकृत निर्माण कार्यों को निर्धारित मानक, गुणवत्ता तथा समयावधि के भीतर पूर्ण करने के निर्देश दिए गए हैं। लापरवाही बरतने वाली संस्थाओं के विरुद्ध दंडात्मक कार्रवाई की चेतावनी दी गई है। उन्होंने मुख्य विकास अधिकारी को नीति आयोग से संबंधित सभी विकास व निर्माण परियोजनाओं की सतत निगरानी एवं नियमित समीक्षा करने के लिए निर्देशित किया गया है। कहा कि निर्माण कार्यों के भुगतानों में अनावश्यक विलंब न किया जाए। कहा कि माइनिंग रॉयल्टी का विधिवत सत्यापन एवं चुकता प्रमाण पत्र प्राप्त होने के उपरांत ही अंतिम भुगतान जारी किया जाए।
—————-
नशामुक्ति प्रतिज्ञा महाभियान को लेकर कलेक्ट्रेट में हुआ कार्यक्रम
-ब्रह्माकुमारी संस्था ने नशमुक्ति की दिलाई शपथ
चित्रकूट। ब्रह्माकुमारीज चित्रकूटधाम के तत्वावधान में 10 करोड़ नशामुक्ति प्रतिज्ञा महाभियान के अंतर्गत कलेक्ट्रेट सभागार में कार्यक्रम का आयोजन डीएम पुलकित गर्ग की अध्यक्षता में किया गया। कार्यक्रम में अधिकारियों, कर्मचारियों एवं किसानों ने नशामुक्ति का संकल्प लिया।
डीएम पुलकित गर्ग ने कहा कि देश को नशामुक्त बनाने के लिए व्यापक स्तर पर अभियान चलाया जा रहा है। विकसित भारत के निर्माण में युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका है। इसलिए युवाओं को नशे से दूर रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि अभिभावक अपने बच्चों एवं परिवार के सदस्यों पर विशेष ध्यान दें तथा उन्हें नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करें। उन्होंने सभी से आह्वान किया कि नशे से दूर रहें और अपने परिवार के साथ पर्याप्त समय व्यतीत करते हुए स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवनशैली अपनाएं। कार्यक्रम में वरिष्ठ राजयोगी ब्रह्माकुमार श्रीप्रकाश ने बताया कि राजयोग एजुकेशन एंड रिसर्च फाउंडेशन के अंतर्गत युवा, महिला, प्रशासक, शिक्षा, स्वास्थ्य, मीडिया, कृषि एवं ग्राम विकास सहित विभिन्न प्रभागों के माध्यम से समाज में आध्यात्मिक एवं नैतिक जागरूकता का कार्य किया जा रहा है। वरिष्ठ राजयोगिनी ब्रह्माकुमारी दुर्गेश नंदिनी ने बताया कि नशामुक्त भारत के निर्माण की दिशा में संस्थान के मेडिकल विंग द्वारा भारत सरकार के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय के साथ समझौता ज्ञापन किया है। उन्होंने बताया कि अभियान संस्थान की पूर्व मुख्य संचालिका राजयोगिनी दादी प्रकाशमणि की पुण्यतिथि के उपलक्ष्य में आयोजित किया जा रहा है। अभियान के अंतर्गत अब तक लगभग 2 करोड़ 97 लाख 70 हजार लोगों द्वारा नशामुक्ति की प्रतिज्ञा ली जा चुकी है। उन्होंने कहा कि तनाव, अवसाद, निराशा तथा गलत संगति नशे की लत के प्रमुख कारणों में शामिल हैं। बताया कि ब्रह्माकुमारी संस्थान निःशुल्क राजयोग ध्यान एवं आध्यात्मिक ज्ञान के माध्यम से सकारात्मक जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया जाता है। कार्यक्रम के दौरान ब्रह्माकुमारी सोनू राजापुर केंद्र प्रभारी द्वारा उपस्थित लोगों को नशामुक्ति की प्रतिज्ञा दिलाई गई। महोबा से आई ब्रह्माकुमारी सुदामा ने राजयोग मेडिटेशन कराया। ब्रह्माकुमार बनवारी ने कार्यक्रम के आयोजन में सहयोग प्रदान किया।
—————
फोटो-
किसान को कृषि यंत्र देते डीएम।
यह फोटो 19 सीकेटी 04 में है।
किसानों को वितरित किए गए पावर स्प्रेयर, लाइट ट्रैप
-किसान दिवस पर अन्ना प्रथा, बिजली, चकबंदी की उठाई समस्या
चित्रकूट। डीएम पुलकित गर्ग की अध्यक्षता मे कलेक्ट्रेट सभागार मे किसान दिवस के साथ प्रोमोशन आफ एग्रीकल्चर मैकेनैजेशन फार इन सीटू मैनेजमेंट आफ क्राप रेज्डयू योजना अंतर्गत जनपद स्तरीय जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिसमे किसान यूनियन एवं कृषको द्वारा अन्ना प्रथा, विद्युत की समस्या एवं चकबंदी से सम्बन्धित कृषको द्वारा समस्या उठाई गयी। जिस पर समस्त विभाग के अधिकारियों से वर्तमान मे संचालित योजनाओ के बारे मे जानकारी ली गयी तथा कृषको को वर्तमान मे संचालित समस्त योजनाओ के बारे मे बताया गया।
डीएम ने कृषको को अवगत कराया कि गत वर्ष की तुलना में फसल आच्छादन 14 हजार हेक्टेयर की अधिक वृद्धि हुई है। आवारा गौवंशों की समस्या पर मुख्य पशु चिकित्साधिकारी एवं खण्ड विकास अधिकारी पहाड़ी को गौवंशों को संरक्षित करने के निर्देश दिए। विद्युत की समस्या का समाधान करने के लिए अधिशासी अभियन्ता विद्युत वितरण खण्ड राजापुर एवं कर्वी को निर्देशित किया गया कि शीघ्र ही समस्त विद्युत समस्याओं का समाधान कर अवगत कराये।
कृषि विभाग से संचालित योजना विभिन्न पारिस्थितिकीय संसाधनों द्वारा कीटरोग नियंत्रण के अन्तर्गत आनलाइन बुकिंग के माध्यम से चयनित कृषको को पावर स्प्रेयर एवं लाईट ट्रैप का वितरण किया गया। इस मौके पर सीडीओ डीपी पाल, उप कृषि निदेशक जीतलाल गुप्ता, जिला कृषि अधिकारी आरके वर्मा, एसओसी चकबंदी मनोहरलाल वर्धन, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ जितेन्द्र सिंह, भाकियू के राम सिंह राही एवं शैलेंद्र सिंह आदि उपस्थित रहे।
—————-
फोटो-
निरीक्षण करते सीडीओ डीपी पाल।
यह फोटो 19 सीकेटी 05 में है।
सीडीओ ने सर्वोदय विद्यालय का किया निरीक्षण
चित्रकूट। सीडीओ डीपी पाल ने जिला समाज कल्याण अधिकारी डॉ वैभव त्रिपाठी के साथ समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित जय प्रकाश नारायण सर्वोदय विद्यालय मानिकपुर का निरीक्षण किया। इस दौरान प्रधानाचार्य भानु प्रकाश नारायण एवं छह संविदा प्रवक्ता, दो संविदा सहायक अध्यापक, दो अंशकालिक शिक्षक मौके में उपस्थित रहे। भोजन सीता आजीविका स्वयं सहायता समूह ऊंचाडीह की महिलाओं द्वारा तैयार किया जाता है। मेस संचालन करने वाली स्वयं सहायता समूह की महिलाओं से भोजन तैयार करने में स्वच्छता का पूर्ण पालन करते हुये मीनू के अनुसार भोजन तैयार करने के निर्देश दिये गये। छात्र भोजन से संतुष्ट थे। प्रधानाचार्य को निर्देशित किया गया कि सभी छात्रों का साप्ताहिक टेस्ट अनिवार्य किया जाये। अध्यापकों को निर्देशित किया गया कि छात्रों को बहुविकल्पीय प्रश्न भी तैयार कराया जाये। स्मार्ट क्लास सुव्यवस्थित पाया गया। इंटरनेट स्पीड कम होने की समस्या होने पर सर्विस प्रोवाइडर रेलटेल को इण्टरनेट की स्पीड बढ़ाने के निर्देश दिए गए। पुराना छात्रावास भवन के संबंध में छात्रों द्वारा बताया गया कि बरसात के पानी का रिसाव कमरों में होता है। जिला समाज कल्याण अधिकारी को सिडको से सम्पर्क स्थापित कर नई बिल्डिंग बनाने के लिए प्रस्ताव भेजने के सम्बन्ध में निर्देशित किया गया।
—————-
पाठा क्षेत्र के किसानों को प्राकृतिक खेती के बताए गुर
चित्रकूट। पाठा क्षेत्र के किसानों को बागवानी के साथ प्राकृतिक खेती अपनाने के लिए पांच गांवों के 30 महिला पुरुष किसानों का प्रशिक्षण आयोजित किया गया। अखिल भारतीय समाजसेवा संस्थान द्वारा हार्वेस्ट परियोजना के सहयोग से प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
प्रशिक्षण में मोटवन, बम्बिहा, टिकरिया, डोडा माफी और डोडा कोलान सहित आसपास के गांवों के किसानों ने प्रतिभाग किया। प्रशिक्षक सुरेन्द्र कुमार कुशवाहा एवं देशराज यादव ने किसानों को बागवानी तथा प्राकृतिक खेती के विभिन्न पहलुओं की जानकारी दी। बताया कि पाठा क्षेत्र की जलवायु और परिस्थितियों को देखते हुए आंवला, अमरूद, नींबू, मुनगा, बेल और जामुन जैसे फलदार एवं बहुउपयोगी पौधों का रोपण किसानों के लिए लाभकारी हो सकता है। प्रशिक्षण के दौरान किसानों ने प्राकृतिक खेती को व्यवहारिक रूप से अपनाने में रुचि दिखाई। सभी किसानों ने संकल्प लिया कि वे अपने खेतों में कम से कम एक-एक बीघा भूमि पर प्राकृतिक खेती का प्रयोग करेंगे और इसके परिणामों का अनुभव प्राप्त करेंगे। कार्यक्रम में भरतलाल, देवकुमार, सूरज कुमार एवं सरला साकेत ने सहयोग प्रदान किया।
————–
पत्नी को मौत के घाट उतारने के मामले में कलेक्ट्रेट कर्मचारी को आजीवन कारावास
-मृतका की बेटी बोली, जिंदगी भर जेल से बाहर न आने पाए हत्यारोपी पिता
चित्रकूट। घर के अंदर लाइसेंसी रिवाल्वर से गोली मारकर पत्नी को मौत के घाट उतारने के मामले में हत्यारोपी कलेक्ट्रेट कर्मचारी को जिला एवं सत्र न्यायाधीश शेषमणि शुक्ला ने आजीवन कारावास की सजा सुनाई है। साथ ही 11 हजार रुपये अर्थदण्ड से दण्डित किया है।
जिला शासकीय अधिवक्ता फौजदारी श्यामसुंदर मिश्रा ने बताया कि मध्य प्रदेश के सतना जिले के नयागांव थाने के खरहा गांव निवासी सुनील कुमार पटेल ने इस मामले में भरतकूप थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। वादी के अनुसार उसकी बड़ी बहन सुनीता की शादी घुरेटनपुर गांव निवासी कलेक्ट्रेट कर्मचारी उमेश कुमार पटेल के साथ हुई थी। शादी के बाद सुनीता के एक पुत्र और दो पुत्रियां हुई। बीती 13 जून 2023 को उसे सूचना दी गई कि उसकी बहन सुनीता को बहनोई उमेश कुमार पटेल ने लाइसेंसी रिवाल्वर से गोली मारकर मौत के घाट उतार दिया है। शिकायतकर्ता के अनुसार मायके आने पर सुनीता घरवालों को बताती थी कि पति उसकी हत्या कर सकता है। वह पति की प्रताड़ना से परेशान रहती थी। पुलिस ने मामले की रिपोर्ट दर्ज करने के साथ आरोपी को गिरफ्तार करते हुए आरोप पत्र दाखिल किया था। साथ ही मृतका की दोनों बेटियों ने हत्यारोपी पिता के खिलाफ मजबूती से गवाही देते हुए न्यायालय से गुहार लगाई थी कि उनके पिता को हमेशा जेल में ही रखा जाए, अन्यथा छूटने के बाद वह उन्हें भी मार देगा। बचाव और अभियोजन पक्ष के अधिवक्ताओं की दलीलें सुनने के बाद बुधवार को जिला एवं सत्र न्यायाधीश शेषमणि शुक्ला ने इस मामले में निर्णय सुनाया। जिसमें दोष सिद्ध होने पर आरोपी कलेक्ट्रेट कर्मचारी उमेश कुमार पटेल को आजीवन कारावास की सजा के साथ 11 हजार रुपये के अर्थदण्ड से दण्डित किया गया।
——————-
फोटो, 15– फीता काटकर गोस्वामी तुलसीदास जी की भव्य प्रतिमा का अनावरण करते जिला पंचायत अध्यक्ष अशोक जाटव।
तुलसी जयंती के अवसर पर गोस्वामी तुलसीदास राजकीय महाविद्यालय में हुआ कार्यक्रम
-गोस्वामी तुलसीदास जी की भव्य प्रतिमा का हुआ अनावरण
चित्रकूट। श्रावण शुक्ल सप्तमी को गोस्वामी तुलसीदास जी की जयंती के शुभ अवसर पर उनके ही नाम पर स्थापित गोस्वामी तुलसीदास राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, कर्वी में जिला पंचायत अध्यक्ष अशोक जाटव, ब्लॉक प्रमुख पहाड़ी सुशील द्विवेदी, अध्यक्ष जिला कोऑपरेटिव बांदा पंकज अग्रवाल एवं महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ0 राजेश कुमार पाल के द्वारा जिला पंचायत चित्रकूट के सौजन्य से भेंट की गई। गोस्वामी तुलसीदास जी की भव्य प्रतिमा का अनावरण किया गया। इस अवसर पर पर आयोजित कार्यक्रम में अतिथिगण एवं महाविद्यालय परिवार के प्राचार्य, समस्त प्राध्यापकों, कर्मचारीगण एवं विद्यार्थियों द्वारा प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं पुष्पार्चन् किया गया।
जिला पंचायत अध्यक्ष श्री जाटव द्वारा विद्यार्थियों को गोस्वामी तुलसीदास जी के बारे में और उनके द्वारा रचित श्री रामचरितमानस तथा अन्य रचनाओं के विषय में अध्ययन करने हेतु प्रेरित किया।
उन्होंने कहा कि गोस्वामी तुलसीदास जी के नाम पर स्थापित इस महाविद्यालय में मुझे कई बार आने का अवसर प्राप्त हुआ परंतु महाविद्यालय में उनकी प्रतिमा न होना मुझे अखरता था, इसीलिए मैंने प्राचार्य जी से वार्ता कर महाविद्यालय में गोस्वामी तुलसीदास जी की प्रतिमा स्थापित कराने का निश्चय किया और मेरे लिए हर्ष का विषय है कि आज गोस्वामी तुलसीदास जी की जयंती के शुभ अवसर पर ही प्रतिमा का अनावरण किया जा रहा है।
ब्लॉक प्रमुख सुशील द्विवेदी एवं अध्यक्ष जिला कोऑपरेटिव बांदा पंकज अग्रवाल ने महाविद्यालय में तुलसीदास जी की भव्य प्रतिमा की स्थापना को महाविद्यालय तथा जनपद के लिए गौरव की बात बताया।
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ0 राजेश कुमार पाल द्वारा जिला पंचायत अध्यक्ष का आभार व्यक्त करते हुए समस्त अतिथियों, महाविद्यालय परिवार के प्राध्यापकों, कर्मचारियों और विद्यार्थियों को इस अवसर पर शुभकामनाएं दी और महाविद्यालय में इसी प्रकार के रचनात्मक कार्यों के लिए सतत संकल्परत रहने का प्रण कराया।
कार्यक्रम का संचालन डॉ0 वंशगोपाल एवं सह समारोहक डॉ0 नीरज गुप्ता द्वारा किया गया, जिसमें महाविद्यालय की सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रभारी/अनुशासन अधिकारी डॉ0 सीमा कुमारी, क्रीड़ा प्रभारी डॉ0 राकेश कुमार शर्मा एवं डॉ0 धर्मेंद्र सिंह सहित कनिष्ठ सहायक अरुण कुमार एवं समस्त कर्मचारियों का विशेष सहयोग रहा।
इस अवसर पर महाविद्यालय के समस्त प्राध्यापक डॉ0 अमित कुमार सिंह, डॉ0 मुकेश कुमार, डॉ0 अजय सिंह, डॉ0 अतुल कुमार कुशवाहा, डॉ0 आशुतोष कुमार शुक्लाि, डॉ0 गौरव पाण्डेरय, डॉ0 रचित जायसवाल, डॉ0 गजेन्द्र सिंह, डॉ0 सिद्धान्त चतुर्वेदी, श्री बलवन्तत सिंह राजोदिया उपस्थित रहे।
इसके उपरान्त महाविद्यालय में विद्यार्थियों को साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से साइबर क्राइम जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को ऑनलाइन ठगी, फर्जी लिंक, साइबर फ्रॉड, सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग तथा व्यक्तिगत एवं बैंकिंग जानकारी साझा न करने के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी दी गई। चित्रकूट साइबर थाना से आए अधिकारियों/वक्ताओं ने विद्यार्थियों से सतर्क एवं जिम्मेदार डिजिटल नागरिक बनने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राध्यापकगण एवं छात्र-छात्राएँ उपस्थित रहे।
——————————————-
फोटो, 16
रामघाट स्थित तुलसी गुफा में धूमधाम से मनाई गई गोस्वामी तुलसीदास की जयंती
चित्रकूट। धर्मनगरी के रामघाट स्थित प्राचीन सिद्धपीठ तुलसी गुफा तोतामुखी हनुमान मंदिर में बुधवार को गोस्वामी तुलसीदास की जयंती धूमधाम से मनाई गई। मंदिर में दिनभर धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन हुआ। नगर के साथ ही दूर-दराज से पहुंचे श्रद्धालुओं की भीड़ देर शाम तक बनी रही।
मंदिर के महंत मोहित दास ने बताया कि गोस्वामी तुलसीदास का जन्म राजापुर में संवत 1554 में हुआ था। उनका बचपन का नाम रामबोला था। उन्होंने बताया कि पत्नी रत्नावली की प्रेरणा से तुलसीदास का जीवन प्रभु श्रीराम की भक्ति की ओर मुड़ा। बाद में तीर्थाटन करते हुए वह चित्रकूट पहुंचे और रामघाट के किनारे साधना करने लगे। बताया कि मान्यता के अनुसार तुलसी गुफा में ही भगवान श्रीराम ने उन्हें दर्शन दिए थे। इस दौरान हनुमान जी ने तोते के रूप में प्रकट होकर दोहा “चित्रकूट के घाट पर भई संतन की भीर, तुलसीदास चंदन घिसे तिलक देत रघुबीर” सुनाया। जिसे सुनकर तुलसीदास ने प्रभु श्रीराम को पहचान लिया और फिर श्रीराम ने उन्हें दर्शन दिए।
तुलसी जयंती के अवसर पर मंदिर परिसर में संगीतमय रामचरितमानस पाठ, मानस गोष्ठी और विनय पत्रिका के पदों का गायन हुआ। साथ ही हवन व आरती के बाद विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। कार्यक्रम संत-महंतों और अखा
ड़ा परिषद के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ।
——————————

