बाढ़ में लापरवाही मिली तो अफसरों की खैर नहीं! डीएम ने शुकुलपुरवा में उतरकर परखी हकीकत
सीतापुर। महमूदाबाद तहसील के शुकुलपुरवा गांव में बाढ़ की स्थिति देखने पहुंचे जिलाधिकारी डॉ. राजागणपति आर. ने गुरुवार को मौके पर जलस्तर और हालात का जायजा लिया। उन्होंने बाढ़ प्रभावित ग्रामीणों के बीच पहुंचकर उनकी समस्याएं सुनीं और राहत-बचाव की व्यवस्थाओं की जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को दो टूक निर्देश दिए कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत और बचाव कार्य में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों से पूरी संवेदनशीलता और तत्परता के साथ काम करने को कहा, ताकि प्रभावित ग्रामीणों को जरूरत के मुताबिक सहायता समय से मिल सके। डीएम ने ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं और आवश्यकताएं जानीं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जिला प्रशासन बाढ़ प्रभावित लोगों की सुरक्षा और सुविधा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। किसी भी तरह की समस्या सामने आने पर तत्काल आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को बाढ़ की स्थिति पर लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए। साथ ही प्रभावित क्षेत्रों में आवश्यक व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए तैयार रहने को कहा। निरीक्षण के दौरान उप जिलाधिकारी, तहसीलदार समेत तहसील प्रशासन के अधिकारी मौजूद रहे। डीएम के मौके पर पहुंचने से प्रशासनिक अमले में भी सक्रियता बढ़ी और अधिकारियों को राहत कार्यों में किसी तरह की ढिलाई न बरतने की सख्त हिदायत दी ग
ई।

