(कुशीनगर) तहसील समाधान दिवस में अनुपस्थित 6 अधिकारियों से जिलाधिकारी ने तीन दिवस में मांगा स्पष्टीकरण
कुशीनगर, 20 अगस्त (आरएनएस)। जिलाधिकारी महेन्द्र सिंह तंवर की अध्यक्षता में बीते 17 अगस्त को तहसील तमकुहीराज में सम्पूर्ण तहसील समाधान दिवस का आयोजन किया गया। शासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम में छह अधिकारी अनुपस्थित पाए गए। जिलाधिकारी ने इसे गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों से तीन दिवस के भीतर अपना स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने के निर्देश दिया हैं। अनुपस्थित पाए गए अधिकारियों में अधिशासी अभियंता, बाढ़ खण्ड कुशीनगर, मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी कुशीनगर, जिला खाद्य विपणन अधिकारी कुशीनगर, खण्ड विकास अधिकारी दुदही, सहायक निदेशक मत्स्य कुशीनगर तथा अधिशासी अधिकारी नगर पंचायत दुदही शामिल हैं।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि तहसील समाधान दिवस शासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में से एक है।जिसका उद्देश्य जनसामान्य की समस्याओं एवं शिकायतों का मौके पर प्रभावी एवं त्वरित निस्तारण सुनिश्चित करना है। संबंधित अधिकारियों की अनुपस्थिति के कारण उनके विभाग से जुड़े प्रार्थना पत्रों का तत्काल निस्तारण नहीं हो सका।जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया है कि वे तहसील समाधान दिवस में अनुपस्थित रहने के संबंध में अपना स्पष्टीकरण तीन दिवस के भीतर अनिवार्य रूप से प्रस्तुत करना सुनिश्चित करेंगे।

