अब जोन कार्यालयों में बैठेंगे पुलिस उपायुक्त
गंगानगर और यमुनानगर में भी शुरू हुई जनसुनवाई
प्रयागराज। पुलिस उपायुक्त अब अपने-अपने जोन में बैठकर ही लोगों की समस्याएं सुनेंगे। शहर जोन में यह व्यवस्था पहले से चल रही थी, अब गंगानगर और यमुनानगर जोन में भी इसे लागू कर दिया गया है। इससे प्रयागराज कमिश्नरेट में अब लोगों को अपनी शिकायत लेकर पुलिस मुख्यालय के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे।
पुलिस अफसरों का कहना है कि इससे लोगों की अफसरों तक सीधी पहुंच आसान होगी और शिकायतों का जल्द निस्तारण किया जा सकेगा।
पुलिस आयुक्त पीयूष मोर्डिया के निर्देशन में तीनों जोन में पुलिस उपायुक्त अपने कार्यालय में जनसुनवाई कर रहे हैं। नगर जोन में डीसीपी मनीष कुमार शांडिल्य, गंगानगर में डीसीपी कुलदीप सिंह गुनावत और यमुनानगर में डीसीपी विवेक चन्द्र यादव लोगों की शिकायतें सुन रहे हैं। 19 अगस्त को प्रयागराज पुलिस ने इस व्यवस्था की आधिकारिक जानकारी जारी की। इस व्यवस्था को लेकर दैनिक भास्कर ने 3 अगस्त को ही खबर प्रकाशित कर दी थी। उस समय ही बताया गया था कि आम लोगों की सुविधा के लिए डीसीपी को उनके संबंधित जोन में उपलब्ध कराया जाएगा और वहीं शिकायतें सुनी जाएंगी।
अब प्रयागराज पुलिस की ओर से आधिकारिक सूचना जारी होने के बाद यह व्यवस्था तीनों जोन में लागू हो गई है। इससे अलग-अलग इलाकों से आने वाले लोगों को शिकायत के लिए सीधे अपने जोन के डीसीपी कार्यालय पहुंचने की सुविधा मिलेगी।
नगर जोन के डीसीपी का कार्यालय थाना कोतवाली परिसर, चौक में बनाया गया है। गंगानगर जोन के डीसीपी का कार्यालय थाना सराय इनायत परिसर में है। वहीं यमुनानगर जोन के डीसीपी का कार्यालय जेल रोड, नैनी में स्थित है।
अधिकारियों के अनुसार जोन स्तर पर जनसुनवाई शुरू करने का मकसद लोगों को पुलिस अफसरों तक सहज और सीधी पहुंच देना है। इसके साथ शिकायतों का त्वरित, निष्पक्ष और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने पर जोर दिया जा रहा है। जोन स्तर पर डीसीपी की जनसुनवाई शुरू होने के बावजूद पुलिस कार्यालय में चल रही व्यवस्था में कोई बदलाव नहीं किया गया है। वहां भी अधिकारियों की ओर से लोगों की शिकायतें सुनी जा र
ही हैं।

