बाइक मीरजापुर में चालान कटता रहा वाराणसी में 

बाइक मीरजापुर में चालान कटता रहा वाराणसी में

*मजदूर बाइक मालिक की व्यथा सुन पुलिस भी दंग

मीरजापुर। डिजिटल व्यवस्था के दौर में भी एक मजदूर के लिए सिस्टम की खामी बड़ी मुसीबत बन गई है। जिले के लालगंज कोतवाली क्षेत्र अन्तर्गत रेही गांव निवासी गंगासागर की बाइक घर पर खड़ी रहती है, लेकिन उसके नाम पर वाराणसी में बार-बार चालान कट रहे हैं। हैरानी की बात यह है कि वह लहंगपुर में कपड़ा सिलाई की दूसरे के यहां मजदूरी करता है। बाइक घर पर खड़ी रहती है बाइक का उपयोग भी नहीं होता, फिर भी चालान का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा। गंगासागर गुरुवार को अपनी फरियाद लेकर लहंगपुर पुलिस चौकी पहुंचे। बताया कि वाराणसी से यातायात पुलिस का फोन आया था की तुम्हारी बाइक कहा पर है, गंगासागर ने बाइक का हुलिया बताने के साथ बताया की हमारी बाइक लालगंज थाना क्षेत्र के रेही गांव में घर पर हैं। भुक्तभोगी को बताया गया की उसकी बाइक पर दो हजार से अधिक का चालान काटा गया है। वाराणसी पुलिस को चालान का स्टेटस चेक करने पर पता चलता है कि किसी दूसरी बाइक पर उनके नंबर की फर्जी नंबर प्लेट लगाकर इस्तेमाल किया जा रहा है। गंगासागर की वास्तविक बाइक एचएफ डिलक्स है, ‘ग्लैम्बर’ नहीं है, फिर भी उसी मॉडल की गाड़ी पर नंबर प्लेट दिखाकर चालान काटे जा रहे हैं। पीड़ित का कहना है कि यह समस्या नई नहीं है। इसके पहले भी हमारी बाइक नंबर लगाकर चालान हुआ है।इसके समाधान के लिए वाराणसी पुलिस को अपनी बाइक का पेपर और फोटो भेज दिया हूं लेकिन अभी समाधान नहीं निकल पाया। लहंगपुर पुलिस चौकी में शिकायत की तो 1076 पर कॉल करने की सलाह मिली। मुख्यमंत्री कार्यालय में ऑनलाइन शिकायत भी दर्ज कराई, लेकिन नतीजा सिफर रहा। गंगासागर कहते हैंजहां-जहां चालान कटेगा, वहां-वहां कैसे जाऊं? मजदूरी कर परिवार पालते हैं, मीरजापुर और वाराणसी में भटकना संभव मेरे लिए नहीं है। गंगासागर का कहना है कि जब हमारा वाहन मीरजापुर में ही पंजीकृत हैं। तो नोटिस भेजकर जांच कराई जा सकती है। उनका सवाल है कि आखिर आम आदमी कब तक सिस्टम की खामियों का बोझ उठाता रहेगा। अधिवक्ता संभ्रांत नागरिक प्रभाशंकर दुबे का कहना है कि यह मामला न केवल फर्जी नंबर प्लेट के खतरे की ओर इशारा करता है, बल्कि डिजिटल चालान व्यवस्था की सटीकता पर भी सवाल खड़े करता है। अब देखने वाली बात होगी कि जिम्मेदार विभाग इस पीड़ित को कब राहत दिला पाते हैं।

 

 

 

 

 

 

मीरजापुर की लक्ष्मी व शुभम करेंगे देश के पीएम के गृहनगर में प्रदेश का नाम रोशन, प्रेरणा उत्सव कार्यक्रम में करेंगे प्रतिभाग

मीरजापुर। मीरजापुर जनपद की रहने वाली लक्ष्मी और शुभम देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के गृह नगर जाएंगे. गुजरात के वड़नगर जिले में 23 से 29 अगस्त के बीच आयोजित होने वाले प्रेरणा उत्सव कार्यक्रम में प्रतिभाग कर प्रदेश का नाम रोशन करेंगे. बताते चलें कि मिर्जापुर जिले के पीएम श्री. स्कूल ककरद मड़िहान की छात्रा कुमारी लक्ष्मी व लालगंज तहसील के राजकीय हाईस्कूल दुबारकलां के छात्र शुभम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के गृह नगर जाएंगे.गुजरात के वड़नगर जिले में 23 से 29 अगस्त के बीच आयोजित होने वाले प्रेरणा उत्सव कार्यक्रम में प्रतिभाग करेंगे. 21 अगस्त को प्रयागराज रेलवे स्टेशन से अहमदाबाद के लिए रवाना होंगे.भारत सरकार के शिक्षा मंत्रालय की ओर से प्रधानमंत्री के प्राथमिक विद्यालय में आयोजित उत्सव में शामिल होकर जनपद का नाम रोशन करेंगे. मड़िहान तहसील के पीएम श्री. स्कूल ककरद के प्रधानाध्यापक राजेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि पीएम श्री स्कूल जवाहर नवोदय विद्यालय पटेहरा कला की ओर से जारी की गई चयन सूची में मेरे विद्यालय की छात्रा कुमारी लक्ष्मी का चयन हुआ है. गरीब परिवार में जन्मी लक्ष्मी बहुत ही प्रतिभावान छात्रा है.दो भाई एक बहन में वह सबसे बड़ी है.अति पिछड़ा क्षेत्र ककरद गांव के रहने वाले पिता मुखलाल मजदूरी करके अपने परिवार का भरण पोषण करते हैं.जब उन्हें यह पता हुआ कि उनकी बेटी का चयन प्रेरणा उत्सव के लिए प्रधानमंत्री के गृह जनपद गुजरात के लिए हुआ है तो चूल्हे पर रोटी सेंककर अपनी बेटी को मुकाम देने वाली मां बबीता सरोज की आँखों में खुशी के आंसू छलक पड़े. वही लालगंज तहसील के राजकीय हाईस्कूल दुबारकलां का छात्र शुभम कभी चयन हुआ है. विद्यालय के प्रधानाध्यापक विमल चंद यादव ने बताया कि दुबारकलां गांव के किसान सुरेंद्र कुमार का बेटा है. रंजना मौर्या सहायक अध्यापिका, पीएम श्री कम्पोजिट विद्यालय, ककरद, जवाहर नवोदय विद्यालय, पटेहराकलां को महिला मार्ग अनुरक्षक बनाया गया है. इस कामयाबी पर मड़िहान तहसील के पीएम श्री. स्कूल ककरद के प्रधानाध्यापक राजेंद्र कुमार सिंह व राजकीय हाईस्कूल दुबारकलां प्रधानाध्यापक विमल चंद यादव ने बधाई दी साथ ही शिक्षक शुभांशु सिंह, खेल शिक्षक योगेश कुमार सिंह, खेल शिक्षक गौरी शंकर ने बधाई दी है.

 

 

 

 

 

शिकायत पर गौशाला की जांच करने पहुंचे डीडीओ, दिए निर्देश

मीरजापुर। हिन्दू युवा वाहिनी मंच के प्रदेश अध्यक्ष शशांक मिश्रा द्वारा गौशाला में अनियमितता से पशुओं की आए दिन हो रही मौत की शिकायत की जांच किया। उक्त अनुक्रम में शुक्रवार को जिलाधिकारी के निर्देश पर जिला विकास अधिकारी ने पशु चिकित्सकों की टीम के साथ क्षेत्र के नीबी गहरवार गांव स्थित निराश्रित गो-वंश आश्रय स्थल का निरीक्षण कर आवश्यक निर्देश दिए। इस दौरान चार गो-वंश मरणासन्न हालत में पाए गए। जबकि एक दर्जन पशु आश्वस्त व अधिकांश दुर्बल व कमजोर दिखाई दिए। मौके पर डा. सुभाष सिंह सहित चिकित्सकों की टीम ने दवा-इलाज शुरू किया। फिर भी गो-वंश ने दम तोड़ दिया। डीडीओ राजीव शर्मा ने बताया कि चार गो-वंश मृत अवस्था में थे। जिन्हें जेसीबी से छः फीट गहरा गढ्ढा खोदवाकर डिस्पोज करा दिया गया। जबकि आधा दर्जन से अधिक गो-वंश बीमार व दुर्बल कमजोर हालत में थे जिनका उपचार चिकित्सक टिम द्वारा किया जा रहा है। शिकेट्री के अभाव में विकास कार्य प्रभावित दिख रहा है दो दिन में शिकेट्री को तैनात कर दिया जाएगा। बीडीओ ने बताया कि जगह के अभाव में मृत गो-वंश के सुरक्षित निस्तारण की समस्या बनी हुई है। नायब तहसीलदार गरिमा यादव ने बताया कि ग्राम समाज की जमीन का सीमांकन कर मृत गो-वंश दफनाने व गोबर व्यवस्थित रखने के लिए कार्यवाही शुरू कर दी गई है जल्द ही सीमांकन कर व्यवस्थित कर दिया जाएगा। बीडीओ रामपाल ने बताया कि जल्द ही गौशाला में इण्टर लाकिंग करा दिया जाएगा ताकी गोवंश को किचड़ की समस्या से निजात मिल सके। संचालक विकास मौर्या को हिदायत दिया कि उचित मात्रा में पशुओं को हरा चारा भूसा के साथ साथ पौष्टिक आहार देना है। साथ ही बीमार पशुओं के इलाज के लिए पशु चिकत्सकों से समन्वय बनाएं रखने को निर्देशित किया। प्रधान प्रशासक माधुरी सोनकर ने बताया कि शिकेट्री के अभाव में विकास कार्य व गो-आश्रय स्थल का कार्य बाधित हो रहा है। उल्लेखनीय है कि नीबी गहरवार गांव के निराश्रित गो-वंश आश्रय स्थल के संचालन का जिम्मा बीते दो माह से स्वयं सेवी संस्था के हवाले कर दिया गया है। जिससे लापरवाही उजागर हो रही है। गौआश्रय के अनियमितता व आए दिन गो-वंशो के मृत पाए जाने की शिकायत जिलाधिकारी से किए जाने पर गुरुवार को मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डा. भूपेंद्र कुमार पाठक ने औचक निरीक्षण कर एनजीओ संचालक को देखरेख व साफ-सफाई के लिए निर्देशित किया था। इस दौरान प्रदेश प्रभारी सुरेश शर्मा हिन्दू युवा वाहिनी मंच, जिलाध्यक्ष प्रमोद सिंह, जिला प्रभारी शिवशंकर विश्वकर्मा समेत गांव के लोग मौजूद रहे।

 

 

 

 

 

नाबालिग से दुष्कर्म के आरोपी की गिरफ्तारी पर सवाल

मीरजापुर। नाबालिग लड़की बरामद होने के बाद भी दुष्कर्म का आरोपी पुलिस की गिरफ्त से दूर बना हुआ है, पीड़ित पिता ने एसपी से न्याय की गुहार लगाई है। बताते चलें कि 15 अगस्त को स्कूल जाते समय लड़की गायब हुई थी, तीन दिन बाद पुलिस ने बरामद किया था। पिता का आरोप है कि, आरोपी खुलेआम धमकी दे रहा है। पीड़ित पिता का आरोप है कि दरोगा समझौते का दबाव बना रहे और धमकी दे रहे, ऐसे मेडिकल प्रक्रिया पर भी सवाल उठाए हैं। आरोपी की गिरफ्तारी न होने से परिवार सहमा हुआ है, पुलिस को आरोपी की जानकारी देने के बाद भी कार्रवाई का इंतजारहै आखिर पुलिस किस बात का इंतजार कर रही है? मामला देहात कोतवाली क्षेत्र के नकहरा गांव का बताया जा रहा है।

 

 

 

 

उपाध्यक्ष राज्य महिला आयोग 23 व 24 अगस्त को जनपद में भ्रमण कर राजकीय सम्प्रेक्षण गृह का करेंगी निरीक्षण

मीरजापुर। उपाध्यक्ष (उप मंत्री स्तर प्राप्त) उप्र राज्य महिला आयोग श्रीमती चारू चौधरी 23 व 24 अगस्त 2026 को जनपद में भ्रमण कर विभिन्न कार्यालयों का निरीक्षण व महिला जन सुनवाई में महिलाओं की समस्याओं सुनेंगी। उपाध्यक्ष 23 अगस्त 2026 को प्रातः 10:30 बजे सर्किट हाउस मीरजापुर पहुंचेंगी। तत्पश्चात 11 बजे इनरव्हील क्लब ऑफ मीरजापुर द रिट्रीट में आयोजित कार्यक्रम मयूरी में मुख्य अतिथि के रूप में प्रतिभाग करेंगी। तत्पश्चात 2:30 बजे विन्ध्याचल पहुंचकर मां विन्ध्यवासिनी देवी दर्शन पूजन करने पश्चात राजकीय सम्प्रेक्षण गृह मोर्चाघर का निरीक्षण करेंगी। सायं 5:30 बजे वन स्टॉप सेंटर का निरीक्षण करने के पश्चात सर्किट हाउस में रात्रि विश्राम के उपरान्त 24 अगस्त 2026 को प्रातः 8:30 बजे सोनभद्र

के लिए रवाना हो जायेंगी।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *