रक्षाबंधन पर महिलाओं की मुफ्त यात्रा के लिए परिवहन विभाग ने कसी कमर

रक्षाबंधन पर महिलाओं की मुफ्त यात्रा के लिए परिवहन विभाग ने कसी कमर
लखनऊ, (आरएनएस )। उत्तर प्रदेश के परिवहन राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दयाशंकर सिंह ने रक्षाबंधन पर्व-2026 पर महिलाओं को मुफ्त यात्रा की सुविधा उपलब्ध कराने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का आभार जताया। उन्होंने रक्षाबंधन के दौरान यात्रियों की बढ़ने वाली संख्या को देखते हुए उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम की बसों के बेहतर रख-रखाव, तकनीकी फिटनेस और चालकों के नशामुक्त संचालन को लेकर परिवहन विभाग एवं निगम के अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए हैं।परिवहन मंत्री ने कहा कि रक्षाबंधन के अवसर पर यात्रियों, विशेष रूप से महिलाओं और बच्चों की बड़ी संख्या में आवाजाही होती है। ऐसे में सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को सुरक्षित और सुचारु बनाए रखना विभाग की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने अधिकारियों को सरकार की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराने को कहा है।उन्होंने निर्देश दिया कि रक्षाबंधन के लिए संचालित सभी परिवहन निगम की बसों की फिटनेस और तकनीकी स्थिति की पहले ही पूरी तरह जांच कर ली जाए। कोई भी बस खराब, अनफिट अथवा असुरक्षित स्थिति में सड़क पर संचालित न हो। बसों में आवश्यक तकनीकी जांच और रख-रखाव का कार्य समय से पूरा कराया जाए, ताकि पर्व के दौरान यात्रियों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।दयाशंकर सिंह ने बस चालकों, परिचालकों और अन्य कर्मचारियों की ड्यूटी पर तैनाती से पहले आवश्यक जांच कराने के निर्देश भी दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि कोई भी चालक या परिचालक नशे की हालत में ड्यूटी पर उपस्थित नहीं होना चाहिए। यदि जांच के दौरान कोई कर्मचारी नशे की हालत में ड्यूटी करता पाया जाता है तो उसके खिलाफ नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।परिवहन मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे केवल कार्यालयों तक सीमित न रहें, बल्कि पर्व के दौरान फील्ड में रहकर परिवहन व्यवस्था की निगरानी करें। उन्होंने निजी बस संचालकों और ऑपरेटरों को भी अपने चालकों एवं परिचालकों का आवश्यक पुलिस और चरित्र सत्यापन कराने तथा उससे संबंधित अभिलेख सुरक्षित रखने के निर्देश दिए।उन्होंने कहा कि रक्षाबंधन के दौरान संचालित टैक्सी और ई-रिक्शा के चालक भी सत्यापित होने चाहिए। ऑपरेटर यह सुनिश्चित करें कि केवल सक्षम और सत्यापित चालक ही वाहनों का संचालन करें। इसके अलावा किसी भी सार्वजनिक या निजी वाहन में निर्धारित यात्री क्षमता से अधिक सवारियां न बैठाई जाएं।परिवहन मंत्री ने जिला प्रशासन और पुलिस विभाग के साथ समन्वय स्थापित कर सड़क सुरक्षा, यातायात प्रबंधन और आवश्यकता के अनुसार रूट डायवर्जन की व्यवस्था प्रभावी तरीके से लागू कराने के निर्देश दिए। अधिकारियों को यह भी सुनिश्चित करने को कहा गया कि वाहन चालक निर्धारित गति सीमा में ही वाहन चलाएं और किसी भी स्थिति में ओवरस्पीडिंग न करें।उन्होंने माल वाहनों तथा ट्रैक्टर-ट्रॉली में यात्रियों के अनधिकृत परिवहन के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही अत्यधिक ध्वनि वाले डी.जे. सिस्टम के इस्तेमाल, वाहनों की मूल संरचना में अवैध बदलाव, ओवरलोडिंग और ओवरस्पीडिंग के मामलों में भी प्रभावी प्रवर्तन कार्रवाई करने को कहा गया।परिवहन मंत्री ने कहा कि रक्षाबंधन के अवसर पर बड़ी संख्या में लोग अपने परिवारों के साथ यात्रा करते हैं। इसलिए परिवहन विभाग का प्रयास है कि यात्रियों को सुरक्षित, सुविधाजनक और व्यवस्थित यात्रा उपलब्ध हो तथा पर्व के दौरान सड़क दुर्घटनाओं और यातायात संबंधी अव्यवस्थाओं को न्यूनतम किया जा सके।

——————

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *