कर्नलगंज-हुजूरपुर रेलवे क्रॉसिंग पर ओवरब्रिज की राह में बड़ा कदम,शुरू हुई सॉयल टेस्टिंग

कर्नलगंज-हुजूरपुर रेलवे क्रॉसिंग पर ओवरब्रिज की राह में बड़ा कदम,शुरू हुई सॉयल टेस्टिंग
वर्षों पुरानी जाम की समस्या से निजात की उम्मीद जगी
कर्नलगंज, गोण्डा। कर्नलगंज-हुजूरपुर मार्ग स्थित रेलवे क्रॉसिंग संख्या 282-ए पर बहुप्रतीक्षित ओवरब्रिज निर्माण की दिशा में आखिरकार धरातल पर बड़ा कदम उठाया गया है। लंबे इंतजार के बाद सॉयल टेस्टिंग का काम शुरू होने से क्षेत्रवासियों में ओवरब्रिज निर्माण को लेकर उम्मीदें एक बार फिर मजबूत हो गई हैं।
कर्नलगंज नगर के हुजूरपुर रोड पर सुक्खा पुरवा मस्जिद के सामने ओवरब्रिज निर्माण के लिए सॉयल टेस्टिंग शुरू की गई है। निर्माण से जुड़ी अन्य आवश्यक प्रक्रियाएं भी आगे बढ़ रही हैं। वर्षों से रेलवे फाटक के कारण लगने वाले भीषण जाम से परेशान लोगों के लिए यह कार्रवाई राहत की उम्मीद लेकर आई है।
रेलवे क्रॉसिंग पर ट्रेन गुजरने के दौरान फाटक बंद होते ही कर्नलगंज-हुजूरपुर मार्ग के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग जाती है। कई बार स्थिति इतनी गंभीर हो जाती है कि राहगीरों और वाहन चालकों को घंटों जाम में फंसे रहना पड़ता है। स्कूली वाहनों, मरीजों और जरूरी काम से आने-जाने वाले लोगों को भी इसका खामियाजा भुगतना पड़ता है। इसी समस्या को देखते हुए क्षेत्रवासी लंबे समय से रेलवे क्रॉसिंग पर ओवरब्रिज निर्माण की मांग करते आ रहे थे। क्षेत्रीय सांसद करण भूषण सिंह ने जनसमस्या को संज्ञान में लेते हुए ओवरब्रिज निर्माण का प्रस्ताव भेजा था। इसके बाद रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव की ओर से प्रस्ताव को स्वीकृति मिलने के बाद अब सॉयल टेस्टिंग शुरू हुई है।
सॉयल टेस्टिंग शुरू होने को क्षेत्रवासी ओवरब्रिज निर्माण की दिशा में अहम कदम मान रहे हैं। लोगों का कहना है कि यदि निर्माण कार्य इसी गति से आगे बढ़ा तो आने वाले समय में रेलवे फाटक पर लगने वाले जाम से स्थायी राहत मिल सकती है। ओवरब्रिज बनने से कर्नलगंज-हुजूरपुर मार्ग पर यातायात सुचारु होने के साथ ही आसपास के गांवों और कस्बाई क्षेत्र के लोगों का आवागमन भी आसान हो जाएगा।
अब क्षेत्रवासियों की निगाहें सॉयल टेस्टिंग के बाद निर्माण की अगली प्रक्रिया पर टिकी हैं। लंबे समय से चली आ रही मांग के बाद शुरू हुआ यह काम कब वास्तविक निर्माण की शक्ल लेता है, यह देखना अहम होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *