जिलाधिकारी की अध्यक्षता में संपन्न हुई जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक

जिलाधिकारी की अध्यक्षता में संपन्न हुई जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक
मेरठ। आज विकास भवन सभागार में जिलाधिकारी डॉ0 वी0के0 सिंह की अध्यक्षता में जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक संपन्न हुई। बैठक में विगत बैठक की अनुपालन आख्या प्रस्तुत की गई तथा स्वास्थ्य विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं एवं कार्यक्रमों की बिंदुवार समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि जनपद के समस्त सीएचसी एवं पीएचसी की सीएमओ कार्यालय स्तर से नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए। सभी स्वास्थ्य योजनाओं की नियमित समीक्षा करते हुए पात्र लाभार्थियों को समयबद्ध रूप से योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराया जाए।
जिलाधिकारी ने समस्त सीएचसी, पीएचसी एवं अन्य स्वास्थ्य केंद्रों पर साफ-सफाई, भोजन, उपचार की गुणवत्ता सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य केंद्रों पर आने वाले मरीजों एवं लाभार्थियों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना प्राथमिकता होनी चाहिए तथा इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए। जिलाधिकारी ने जननी सुरक्षा योजना के अंतर्गत लाभार्थियों को शत-प्रतिशत भुगतान सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य विभाग की सभी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करते हुए पात्र लाभार्थियों तक योजनाओं का लाभ निर्धारित समयावधि में पहुंचाया जाए।
आशा कार्यकर्ताओं के भुगतान की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने जनपद का औसत भुगतान 10 हजार रुपये प्रतिमाह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कार्य में लापरवाही पाए जाने पर संबंधित बैम का जवाब-तलब करने तथा मुख्य विकास अधिकारी को समस्त बैम के कार्यों की समीक्षा करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में बिल भुगतान, उपकरण क्रय, यूनिसेफ, एम्बुलेंस, डब्ल्यूएचओ एवं यूएनडीपी से संबंधित प्रगति रिपोर्ट की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप कार्यवाही सुनिश्चित करने तथा लंबित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण कराने के निर्देश दिए। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी नूपुर गोयल, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ0 राम प्रसाद, जिला क्षय रोग अधिकारी, एसीएमओ, एमओआईसी, सीडीपीओ सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *