(ऊना)ऊना में श्रद्धालुओं से भरा ट्रक खाई में गिरा, 40 से अधिक घायल; तीन पीजीआई चंडीगढ़ रेफर
ऊना, 25 अगस्त(आरएनएस)। हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले में प्रसिद्ध धार्मिक स्थल पीर निगाह के समीप मंगलवार सुबह श्रद्धालुओं से भरा एक ट्रक अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा। हादसे में ट्रक में सवार 40 से अधिक श्रद्धालु घायल हो गए। घायलों में महिलाएं, बच्चे और पुरुष शामिल हैं। बताया जा रहा है कि ट्रक में करीब 50 श्रद्धालु सवार थे।
सभी श्रद्धालु हरियाणा के करनाल जिले के इंद्री क्षेत्र के रहने वाले बताए जा रहे हैं। जानकारी के अनुसार, श्रद्धालु दो दिन पहले पीर निगाह मंदिर में दर्शन करने और भंडारा आयोजित करने के लिए पहुंचे थे। मंगलवार सुबह वे पीर निगाह से माता नैना देवी के दर्शन के लिए रवाना हुए थे। मंदिर से करीब दो किलोमीटर दूर पहुंचते ही ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे गहरी खाई में जा गिरा।
ट्रक के खाई में गिरते ही मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोग तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे और खाई में गिरे श्रद्धालुओं को बाहर निकालने का काम शुरू किया। हादसे की सूचना पुलिस और स्वास्थ्य विभाग को दी गई, जिसके बाद राहत एवं बचाव दल मौके पर पहुंच गए।
घायलों को एंबुलेंस के माध्यम से क्षेत्रीय अस्पताल ऊना पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों और स्वास्थ्य कर्मचारियों ने उनका उपचार शुरू किया।
हादसे में घायल श्रद्धालु सोमनाथ ने बताया कि ट्रक उतराई पर नीचे जा रहा था। इसी दौरान वाहन का दबाव पाइप फट गया, जिसके कारण स्टीयरिंग ने काम करना बंद कर दिया और ट्रक अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरा।
हालांकि, हादसे के वास्तविक कारणों की पुष्टि पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।
क्षेत्रीय अस्पताल ऊना के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. संजय मनकोटिया ने बताया कि हादसे में घायल 40 से अधिक श्रद्धालुओं को अस्पताल लाया गया था। सभी घायलों को आवश्यक उपचार दिया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि एक बच्चे सहित तीन घायलों की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर चिकित्सा सुविधा के लिए स्नातकोत्तर चिकित्सा शिक्षा एवं अनुसंधान संस्थान (पीजीआई), चंडीगढ़ भेजा गया है। अन्य घायलों का उपचार क्षेत्रीय अस्पताल ऊना में जारी है।
पुलिस ने हादसे की जांच शुरू कर दी है। जांच में यह पता लगाया जा रहा है कि ट्रक किस कारण अनियंत्रित हुआ और दुर्घटना किन परिस्थितियों में हुई। पुलिस वाहन की तकनीकी स्थिति तथा चालक की भूमिका समेत अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।
अधिकारियों ने अस्पताल प्रशासन को घायलों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। राहत एवं बचाव कार्य के दौरान स्थानीय लोगों ने भी प्रशासन का सहयोग किया।
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जगत प्रकाश नड्डा, भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल और पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने हादसे पर दुख व्यक्त किया है। उन्होंने घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।
नेताओं ने कहा कि धार्मिक स्थलों पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की आवाजाही को देखते हुए उनकी सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। पीर निगाह मार्ग पर पहले भी मालवाहक वाहनों से जुड़े हादसे सामने आ चुके हैं। ऐसे में प्रशासन को मार्ग की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करने और यातायात नियमों का प्रभावी ढंग से पालन सुनिश्चित करने की आवश्यकता है, ताकि भविष्य में इस तरह की दुर्घटनाओं को रोका जा सके।
००

