गाजियाबाद में 24.85 लाख की लूट का पुलिस ने किया खुलासा, पांच आरोपी हुए गिरफ्तार

ब्यूरो चीफ / सत्य प्रकाश उपाध्याय
गाजियाबाद : गाजियाबाद के वेव सिटी थाना क्षेत्र में दिल्ली-मेरठ रोड स्थित हाइटेक कॉलेज के सामने थार सवार व्यक्ति से हुई 24.85 लाख रुपये की लूट का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने मामले में पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से लूटी गई रकम में से 10 लाख 5 हजार 310 रुपये, वारदात में इस्तेमाल स्कॉर्पियो, तमंचे, कारतूस और बाइक बरामद की गई है। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने कई दिनों तक रेकी करने के बाद वारदात को अंजाम दिया था।
500 से अधिक CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली
डीसीपी सिटी धवल जायसवाल ने बताया कि 24 अगस्त को स्कॉर्पियो सवार बदमाशों ने थार को ओवरटेक कर दिल्ली-मेरठ रोड पर रोक लिया था। इसके बाद तमंचे के बल पर थार में रखे 24 लाख 85 हजार रुपये लूटकर आरोपी फरार हो गए थे। घटना के बाद पुलिस की कई टीमों ने करीब 500 से 600 CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज के आधार पर बदमाशों के डासना की ओर जाने की जानकारी मिली।
मुठभेड़ में दो आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने सोमवार को डासना की ओर बदमाशों की घेराबंदी की। इस दौरान हुई मुठभेड़ के बाद आसिफ और सद्दाम को गिरफ्तार किया गया। आरोपियों के कब्जे से तमंचे, कारतूस, एक बाइक और लूट की रकम में से पांच लाख रुपये बरामद किए गए।
इसके बाद पुलिस ने मंगलवार को आस मोहम्मद, ओसामा और नदीम को भी गिरफ्तार कर लिया। इनके कब्जे से लूटी गई रकम के 5 लाख 5 हजार 310 रुपये बरामद हुए। इस तरह पांचों आरोपियों से कुल 10 लाख 5 हजार 310 रुपये बरामद किए जा चुके हैं। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल स्कॉर्पियो भी जब्त कर ली है।
ड्राइवर के पड़ोसी ने की थी रेकी
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि आरोपी एक-दूसरे के परिचित थे। पीड़ित पक्ष के ड्राइवर और उसके पड़ोसी के बीच भी जान-पहचान थी। इसी पड़ोसी ने पीड़ित की गतिविधियों की जानकारी जुटाकर आरोपियों को दी थी।
आरोपियों को पता था कि पीड़ित पक्ष बड़े आर्थिक लेनदेन के चलते अक्सर भारी मात्रा में नकदी लेकर आता-जाता है। पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने इससे पहले भी लूट की योजना के तहत रेकी की थी, लेकिन उस समय वे वारदात को अंजाम नहीं दे सके।
कई दिनों की रेकी के बाद दिया वारदात को अंजाम
पुलिस के मुताबिक, सद्दाम और अनस को लूट की साजिश में मुख्य भूमिका निभाने वाला बताया गया है, जबकि आसिफ ने अन्य आरोपियों को योजना में शामिल किया था। कई दिनों तक पीड़ित पक्ष की गतिविधियों पर नजर रखने के बाद आरोपियों ने मौका मिलते ही स्कॉर्पियो से थार को ओवरटेक कर रोक लिया और हथियार के बल पर नकदी लूट ली।
लूट के बाद आरोपी अलग-अलग वाहनों से मौके से फरार हो गए। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों में कुछ लोग ओला चलाने और प्लंबर का काम करने सहित अलग-अलग पेशों से जुड़े हैं।
छह आरोपी अभी भी फरार
पुलिस के अनुसार, वारदात में शामिल छह आरोपी अभी फरार हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। फरार आरोपियों पर इनाम भी घोषित किया गया है। पुलिस का कहना है कि उनकी गिरफ्तारी के बाद लूटी गई बाकी रकम की बरामदगी की भी उम्मीद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *