बृजेश रावत के परिवार को सपा ने दी एक लाख की आर्थिक मदद
-सपा प्रत्याशी रहे अजीत प्रसाद ने परिजनों को सौंपा सहायता राशि का चेक
मिल्कीपुर-अयोध्या। सऊदी अरब में जान गंवाने वाले मिल्कीपुर तहसील क्षेत्र के ग्राम लिलहा रसूलपुर निवासी बृजेश रावत के पीड़ित परिवार की मदद के लिए समाजवादी पार्टी ने संवेदनशील पहल करते हुए एक लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की। बुधवार, 26 अगस्त को समाजवादी पार्टी की ओर से पीड़ित परिवार को यह आर्थिक सहयोग उपलब्ध कराया गया। बताया गया कि बुजेश रावत का पार्थिव शरीर बीते 12 अगस्त को सऊदी अरब से उनके पैतृक गांव पहुंचा था। बेटे के निधन से परिवार गहरे सदमे में था। आर्थिक संकट से जूझ रहे परिवार की स्थिति को देखते हुए मिल्कीपुर विधानसभा क्षेत्र से समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी रहे अजीत प्रसाद ने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव से मुलाकात कर पीड़ित परिवार की मदद का आग्रह किया। अजीत प्रसाद की पहल पर पार्टी नेतृत्व ने पीड़ित परिवार की सहायता के लिए पार्टी फंड से एक लाख रुपये की आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने का निर्णय लिया। बुधवार को परिवार को सहायता राशि प्रदान की गई। इस दौरान अजीत प्रसाद ने कहा कि समाजवादी पार्टी हमेशा गरीब, जरूरतमंद और संकट में पड़े परिवारों के साथ खड़ी रही है। बुजेश रावत के परिवार के दुख की घड़ी में पार्टी उनके साथ है और हरसंभव सहयोग के लिए तत्पर रहेगी। पीड़ित परिवार ने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव और अजीत प्रसाद का आभार जताते हुए कहा कि संकट की इस घड़ी में मिली आर्थिक मदद से परिवार को काफी सहारा मिला है। स्थानीय लोगों ने भी समाजवादी पार्टी व सपा प्रत्याशी रहे अजीत प्रसाद की इस पहल की सराहना की। सपा के निवर्तमान प्रवक्ता लवलेश पांडेय ने बताया कि इस मौके पर प्रहलाद रावत, अयोध्या प्रसाद, राजू यादव, अवधेश यादव, राजकरन यादव, विकास यादव, गुलाब सिंह यादव, सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
‘चिन्मय अमृत यात्रा’ 30 को पहुंचेगी अयोध्या
-कृषि विवि ऑडिटोरियम में चरित्र निर्माण व युवा क्षमता पर होगी चर्चा
मिल्कीपुर-अयोध्या। चिन्मय मिशन के 75 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में आयोजित ‘चिन्मय अमृत यात्रा’ 30 अगस्त को अयोध्या पहुंचेगी। यात्रा के तहत आचार्य नरेंद्र देव कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय, कुमारगंज के ऑडिटोरियम में विशेष वार्ता का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं, अभिभावकों, प्रोफेसरों और शिक्षकों समय करीब 500 लोगों की सहभागिता रहेगी। बुधवार 26 अगस्त को उमेश त्रिपाठी ने बताया कि चिन्मय मिशन एक वैश्विक आध्यात्मिक संगठन है और देशभर में इसके करीब 350 आश्रम हैं। मिशन के 75 वर्ष पूरे होने के अवसर पर पुणे से दिसंबर 2025 में 35 हजार किलोमीटर और 295 दिन की अमृत यात्रा शुरू हुई थी। अब तक करीब 30 हजार किलोमीटर की यात्रा पूरी हो चुकी है और यात्रा कानपुर पहुंच चुकी है। लखनऊ और सुल्तानपुर होते हुए यह 30 अगस्त की सुबह अयोध्या पहुंचेगी। उन्होंने बताया कि विश्वविद्यालय के ऑडिटोरियम में आयोजित करीब ढाई घंटे के कार्यक्रम में चरित्र निर्माण, सामाजिक जिम्मेदारी और युवाओं की क्षमताओं पर चर्चा होगी। युवाओं को अपनी क्षमता पहचानने और समाज के प्रति अपने कर्तव्यों को समझने का संदेश दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि आज के युवा अपनी क्षमताओं को नहीं पहचान पा रहे हैं। जिस तरह हनुमान जी को उनकी शक्ति का स्मरण कराने के लिए जामवंत की जरूरत पड़ी थी, उसी तरह युवाओं को भी उनकी क्षमता का बोध कराने की आवश्यकता है। कार्यक्रम में स्वामी मित्रानंद सरस्वती, डायरेक्टर ऑल इंडिया चिन्मय युवा केंद्र, महापौर अयोध्या महंत गिरीशपति त्रिपाठी, भागवत व्यास पंडित ज्ञान चंद्र द्विवेदी और जीवन दीप आश्रम लखनऊ के प्रमुख कौशिक चौतन्य की गरिमामयी उपस्थिति रहेगी। यात्रा का समापन 23 से 25 अक्टूबर 2026 तक दिल्ली के भारत मंडपम में प्रस्तावित है। स्थानीय आयोजन समिति कार्यक्रम की तैयारियों में जुटी है।

