(प्रयागराज)प्रयागराज-कौशाम्बी बॉर्डर पर पटाखा फैक्ट्री में भीषण धमाका, 5 की मौत; 13 मजदूरों के फंसे होने की खबर
प्रयागराज ,31 अगस्त ,(आरएनएस)। प्रयागराज-कौशाम्बी सीमा पर सोमवार दोपहर पटाखा फैक्ट्री में हुए भीषण विस्फोट से इलाके में हड़कंप मच गया। कौशाम्बी के पिपरी थाना क्षेत्र स्थित मनौरी बाजार में करीब दोपहर 12 बजे अचानक फैक्ट्री में आग लग गई। इसके बाद वहां रखे पटाखों में लगातार धमाके होने लगे।
विस्फोट इतना जबरदस्त था कि फैक्ट्री की पूरी इमारत भरभराकर जमींदोज हो गई। धमाके की आवाज करीब दो किलोमीटर दूर तक सुनाई दी, जबकि आसमान में धुएं का बड़ा गुबार नजर आया। विस्फोट की चपेट में आसपास के करीब 5 से 7 मकान भी क्षतिग्रस्त हो गए।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक हादसे के समय फैक्ट्री में करीब 20 मजदूर काम कर रहे थे। हादसे में अब तक 5 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि 8 लोग घायल बताए जा रहे हैं। वहीं करीब 13 लोगों के मलबे के अंदर फंसे होने की सूचना है।
धमाके के बाद मौके पर पहुंचे स्थानीय लोगों ने फैक्ट्री के अंदर से घायलों को बाहर निकाला। कई घायलों को लोग चारपाई पर लादकर खेतों के रास्ते अस्पताल ले जाते दिखाई दिए। हादसे की भयावह तस्वीरों ने लोगों को झकझोर दिया है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंच गए। पुलिस और एयरफोर्स की टीमें संयुक्त रूप से रेस्क्यू ऑपरेशन में जुटी हैं। एसीपी रवि गुप्ता सहित पूरामुफ्ती थाने की पुलिस फोर्स भी घटनास्थल पर मौजूद है।
बताया जा रहा है कि पटाखा फैक्ट्री एयरफोर्स स्टेशन के बेहद करीब स्थित है। फिलहाल राहत और बचाव कार्य जारी है। मलबे में फंसे लोगों को बाहर निकालने के साथ हादसे के कारणों की भी जांच की जा रही है।

