श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर इस्कॉन नोएडा में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम, श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए व्यापक व्यवस्था

ब्यूरो चीफ / सत्य प्रकाश उपाध्याय
नोएडा। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन अवसर पर इस्कॉन नोएडा में आयोजित होने वाले भव्य श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव को लेकर मंदिर प्रबंधन ने श्रद्धालुओं की सुरक्षा, स्वास्थ्य एवं सुविधा के लिए व्यापक तैयारियां की हैं। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के आगमन को देखते हुए मंदिर परिसर में सुरक्षा व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई है। मंदिर प्रबंधन का उद्देश्य है कि श्रद्धालु शांतिपूर्ण, सुरक्षित और भक्तिमय वातावरण में भगवान श्रीकृष्ण के दिव्य दर्शन कर सकें।
महोत्सव के दौरान पुलिस अधिकारियों, नोएडा प्राधिकरण के अधिकारियों, सुरक्षा कर्मियों तथा मंदिर के प्रशिक्षित सेवादारों के बीच निरंतर समन्वय रखा जाएगा। मंदिर के प्रवेश द्वारों पर मेटल डिटेक्टर लगाए गए हैं और श्रद्धालुओं के प्रवेश एवं निकास को व्यवस्थित रखने के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं। भीड़ के सुचारु संचालन और किसी भी आकस्मिक स्थिति से निपटने के लिए महत्वपूर्ण स्थानों पर सुरक्षा टीमें तैनात रहेंगी।
महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा और सहायता के लिए विशेष पिंक बूथ की व्यवस्था की गई है। यहां महिला श्रद्धालुओं को आवश्यक सहायता, मार्गदर्शन एवं सहयोग उपलब्ध कराया जाएगा।
आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के लिए मंदिर परिसर में फायर ब्रिगेड की विशेष व्यवस्था की गई है। इसके अलावा अग्नि सुरक्षा के आवश्यक इंतजाम और आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई एवं सुरक्षित निकासी की व्यवस्था भी सुनिश्चित की गई है।
श्रद्धालुओं के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए डॉक्टरों एवं मेडिकल टीम की विशेष व्यवस्था की गई है। पूरे आयोजन के दौरान चिकित्सक एवं स्वास्थ्यकर्मी उपलब्ध रहेंगे, ताकि किसी भी स्वास्थ्य संबंधी समस्या या आकस्मिक स्थिति में तत्काल चिकित्सा सहायता प्रदान की जा सके।
महोत्सव की व्यवस्थाओं पर लगातार निगरानी रखने के लिए विशेष कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है। कंट्रोल रूम के माध्यम से मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की भीड़, सुरक्षा व्यवस्था और अन्य गतिविधियों पर नजर रखी जाएगी। किसी भी आपात स्थिति में संबंधित सुरक्षा, चिकित्सा एवं सेवा टीमों को तत्काल आवश्यक निर्देश दिए जाएंगे।
श्रद्धालुओं के वाहनों के लिए सेक्टर-21 स्थित एडोब चौक के पास निर्धारित पार्किंग स्थल की व्यवस्था की गई है। पार्किंग स्थल से मंदिर तक श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए निःशुल्क ई-रिक्शा सेवा भी उपलब्ध कराई जाएगी।
मंदिर प्रशासन ने वरिष्ठ नागरिकों एवं गर्भवती महिलाओं से विशेष अपील की है कि वे भीड़ से बचने के लिए घर से ही इस्कॉन नोएडा के यूट्यूब चैनल एवं फेसबुक के माध्यम से भगवान श्रीकृष्ण के दर्शन करें। इससे उन्हें भीड़भाड़ और किसी भी प्रकार की असुविधा से बचाया जा सकेगा।
मंदिर प्रबंधन की ओर से बड़ी संख्या में प्रशिक्षित सेवादारों को भी विभिन्न महत्वपूर्ण स्थानों पर तैनात किया जाएगा। ये सेवादार श्रद्धालुओं को मार्गदर्शन देने, भीड़ को नियंत्रित करने तथा प्रशासन एवं सुरक्षा टीमों के साथ समन्वय स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
इस्कॉन नोएडा प्रबंधन ने कहा कि श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव श्रद्धा, भक्ति, सेवा और सुरक्षा के समन्वय का सुंदर उदाहरण बने, इसके लिए सभी आवश्यक तैयारियां की गई हैं। मंदिर प्रबंधन का प्रयास है कि भगवान श्रीकृष्ण के दर्शन के लिए आने वाला प्रत्येक श्रद्धालु सुरक्षित, निश्चिंत और भक्तिमय वातावरण में महोत्सव का आनंद ले सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *