कुंवर सिंह निषाद के घर पहुंचे अजय राय, बोले- सम्मान की लड़ाई में पूरी कांग्रेस पार्टी उनके साथ

कुंवर सिंह निषाद के घर पहुंचे अजय राय, बोले- सम्मान की लड़ाई में पूरी कांग्रेस पार्टी उनके साथ
लखनऊ, (आरएनएस)। उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अजय राय ने गुरुवार को मथुरा पहुंचकर कांग्रेस प्रवक्ता कुंवर सिंह निषाद के आवास पर उनसे और उनके परिजनों से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने कुंवर सिंह निषाद की माताजी को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया और कहा कि पूरी कांग्रेस पार्टी उनके सम्मान के साथ खड़ी है।अजय राय ने आरोप लगाया कि कुंवर सिंह निषाद को पुलिस द्वारा उनके ही घर में नजरबंद किया जाना उत्तर प्रदेश सरकार की कार्यशैली और लोकतंत्र के प्रति उसकी सोच को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि देश में अघोषित रूप से तानाशाही लागू कर दी गई है और उत्तर प्रदेश में लोकतंत्र तथा संविधान द्वारा प्रदत्त अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता पर लगातार हमला किया जा रहा है।प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि जो व्यक्ति अपनी आवाज उठाता है, अन्याय के खिलाफ बोलता है और सरकार से सवाल करता है, उसे पुलिस के माध्यम से दबाने का प्रयास किया जा रहा है। किसी व्यक्ति को पुलिस लगाकर उसके ही घर में रोक देना लोकतांत्रिक व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है।उन्होंने कहा कि यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है कि कांग्रेस प्रवक्ता कुंवर सिंह निषाद द्वारा उनके साथ हुए कथित दुर्व्यवहार और उनकी माताजी के प्रति की गई कथित अभद्र टिप्पणी के संबंध में कार्रवाई की मांग की जा रही है, लेकिन कार्रवाई की मांग करने वाले व्यक्ति को ही पुलिस के माध्यम से नियंत्रित करने का प्रयास किया जा रहा है।अजय राय ने आरोप लगाया कि महंत राजू दास ने लाइव टेलीविजन बहस के दौरान कुंवर सिंह निषाद और उनकी माताजी के प्रति कथित रूप से अभद्र भाषा का प्रयोग किया। उन्होंने आरोप लगाया कि यह सब मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और भाजपा के इशारे पर किया गया। अजय राय ने कहा कि पूरे मामले में निष्पक्ष और त्वरित कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए तथा राजू दास को जेल भेजा जाना चाहिए।उन्होंने कहा कि कानून का राज तभी माना जाएगा, जब कानून सबके लिए समान रूप से लागू हो। किसी प्रभावशाली व्यक्ति को संरक्षण देने और पीड़ित की आवाज को दबाने की नीति लोकतंत्र के लिए खतरनाक है। उन्होंने भाजपा सरकार से सवाल किया कि आखिर कार्रवाई की मांग करने वाले व्यक्ति को ही क्यों रोका जा रहा है।प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस पार्टी पिछड़े, दलित, वंचित और कमजोर वर्गों के सम्मान तथा अधिकारों की लड़ाई मजबूती से लड़ती रहेगी। उन्होंने कहा कि सत्ता के दबाव में किसी भी व्यक्ति की आवाज को दबाया नहीं जा सकता।अजय राय ने कुंवर सिंह निषाद की माताजी को सम्मानित करते हुए कहा कि किसी भी मां, बहन या महिला के सम्मान के साथ समझौता नहीं किया जा सकता। सार्वजनिक मंचों पर महिलाओं और माताओं के प्रति अपमानजनक भाषा का प्रयोग करने वालों के खिलाफ कानून के अनुसार कठोर कार्रवाई होनी चाहिए।इस अवसर पर कुंवर सिंह निषाद ने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय का आभार जताते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा अन्याय और उत्पीड़न के खिलाफ खड़ी रही है। उन्होंने कहा कि यह लड़ाई केवल उनके व्यक्तिगत सम्मान की नहीं, बल्कि हर उस व्यक्ति की लड़ाई है जिसकी आवाज को दबाने का प्रयास किया जाता है।कुंवर सिंह निषाद ने कहा कि संघर्ष जारी रहेगा, क्योंकि यह लड़ाई केवल एक व्यक्ति की नहीं, बल्कि सम्मान, स्वाभिमान, अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता और लोकतांत्रिक अधिकारों की लड़ाई है।कार्यक्रम में जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष मुकेश धनगर, महानगर कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष विक्रम वाल्मीकि, महानगर कांग्रेस कमेटी आगरा अध्यक्ष अमित सिंह, कौशल सैनी, कन्हैया निषाद, देवेंद्र निषाद, मनदीप सिंह बघेल, अनिल सिकरवार, दर्शन सिंह सिकरवार, मोहित सिंह, गिरीश कुमार, सुशील निषाद, रवि निषाद, वीरपाल सिंह छोकर, शैलेंद्र चौधरी, मोनू कुमार निषाद, करण सिंह निषाद, हेमंत कुमार, बालवीर प्रधान, दीपक पाराशर, हाशिम हुमेंर, करन निषाद, अशोक निषाद, आशीष अग्रवाल, दीपक दीक्षित, हरिओम उपाध्याय, योगेश निषाद, दीपक सिंह, भगवान सिंह और राजेश कुमार सहित अन्य कांग्रेस कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे।

————-

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *