धूमधाम से मनाया गया श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व
*विशेष धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की रही धूम
मीरजापुर। जिले सहित लालगंज और हलिया थाना क्षेत्रों में शुक्रवार रात श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के मौके पर विशेष धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रम हुए। इस दौरान पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक ने थानों में बने हनुमान और विष्णु भगवान के नए परिसरों का उद्घाटन कर पूजा की। एसपी ने सभी को त्योहार की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने पुलिस बल के साथ मिलकर त्योहारों को शांतिपूर्ण माहौल में मनाने की अपील की। लालगंज थाने में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर भव्य सजावट की गई थी। यहां एक बड़ा जागरण कार्यक्रम और भंडारे का आयोजन हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों और पुलिसकर्मियों ने हिस्सा लिया। रात आठ बजे से पूरी रात जागरण-भजन कार्यक्रम चला। प्रयागराज के मेजा से आए प्रसिद्ध कलाकार तिवारी बंधुओं ने प्रस्तुति देकर समां बांध दिया। कार्यक्रम में पुरुषों के अलावा महिला श्रद्धालु भी बड़ी संख्या में मौजूद थीं। भंडारे में हजारों भक्तों ने मनपसंद खाने का लुत्फ उठाया। एसएसआई ब्रम्हदीन पांडेय ने शुभ मुहूर्त में विधि-विधान से पूजा की। इंस्पेक्टर वेद प्रकाश पाण्डेय, आइजीआरएस जिला प्रभारी निरीक्षक अभय कुमार सिंह, अनिलेश द्विवेदी, पंकज पांडेय समेत सभी उपनिरीक्षक, हेड कांस्टेबल और महिला आरक्षी व्यवस्था में लगे रहे। पूर्व ब्लाक प्रमुख डॉ जय सिंह, महेंद्र गिरी, जिला पंचायत सदस्य विष्णु प्रसाद सिंह, राजेंद्र यादव, जेपी उपाध्याय, सपा नेता जुम्मन खां, तुफानी लाल यादव, आफताब अहमद, पूर्व प्रधान अनीस खां, पूर्व प्रधान दिलिप केशरी और गौरव उपाध्याय, डॉ लालबहादुर भी मौजूद थे। हलिया में जन्माष्टमी के शुभ अवसर पर एसपी अपर्णा रजत कौशिक ने थाना परिसर में नए बने हनुमान मंदिर का फीता काटकर उद्घाटन किया। वहां मंत्रों के साथ हनुमान जी और भगवान शंकर की मूर्तियों की स्थापना की गई। इस दौरान एसपी ने सभी को त्योहार की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने पुलिस बल के साथ मिलकर त्योहारों को शांतिपूर्ण माहौल में मनाने की अपील की। इस अवसर पर सीओ अमर बहादुर और थाना प्रभारी राजीव श्रीवास्तव भी मौजूद थे।

