जर्जर केबिल से परेशान ग्रामीणों ने विद्युत उपकेंद्र घेरा
-एक सप्ताह का अल्टीमेटम, समस्या दूर नहीं हुई तो तहसील घेराव की चेतावनी
सोहावल-अयोध्या। विद्युत व्यवस्था की बदहाली से परेशान ग्राम पंचायत करेरू के मजरे गिरधरपुर के ग्रामीणों ने सोमवार दोपहर सोहावल विद्युत उपकेंद्र का घेराव कर प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने विद्युत विभाग के खिलाफ नाराजगी जताते हुए एसडीओ की अनुपस्थिति में कार्यालय के लिपिक को शिकायती पत्र सौंपा। ग्रामीणों ने एक सप्ताह के भीतर समस्या का समाधान कराने का अल्टीमेटम देते हुए चेतावनी दी कि निर्धारित समय में व्यवस्था दुरुस्त नहीं हुई तो सोहावल तहसील का घेराव कर आंदोलन किया जायेगा। गिरधरपुर निवासी जगदीश मिश्रा, विजय मिश्रा, बृजेश तिवारी, लल्ला यादव, शेष नारायण, रामकली, रंजना सहित दर्जनभर से अधिक महिला-पुरुष उपकेंद्र पहुंचे। ग्रामीणों का आरोप है कि विद्युत पोल से घरों तक आपूर्ति पहुंचाने वाली केबल करीब छह माह से जगह-जगह जलकर क्षतिग्रस्त है। इसके चलते आए दिन विद्युत आपूर्ति बाधित रहती है। केबल बदलवाने के लिए कई बार विभागीय अधिकारियों को शिकायत दी गई, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ। ग्रामीणों के अनुसार 13 जुलाई को एसडीएम सोहावल से भी शिकायत की गई थी। इसके बावजूद विद्युत व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ। इससे नाराज ग्रामीण सोमवार को उपकेंद्र पहुंचे और एसडीओ को ज्ञापन देने का प्रयास किया, लेकिन उनके कार्यालय में मौजूद न होने पर लिपिक को शिकायती पत्र सौंपा।
ग्रामीणों ने कहा कि एक सप्ताह में जर्जर केबल बदलकर आपूर्ति सुचारु नहीं की गई तो तहसील का घेराव किया जायेगा। इसकी जिम्मेदारी विद्युत विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों की होगी। उप खण्ड अधिकारी अरशद अली से संपर्क का प्रयास किया गया, लेकिन बात नहीं हो सकी। एसडीएम सोहावल प्रशिक्षु आईएएस आदित्य विक्रम अग्रवाल ने बताया कि ग्रामीणों की समस्या के तत्काल समाधान के लिए उप मंडलीय अभियंता को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं।

