(कुशीनगर) स्वास्थ्य के लिए लाभकारी है मोटा अनाज, श्री अन्न,  दैनिक आहार में करें शामिल:- राजेश्वर सिंह

(कुशीनगर) स्वास्थ्य के लिए लाभकारी है मोटा अनाज, श्री अन्न,  दैनिक आहार में करें शामिल:- राजेश्वर सिंह
—- रेसिपी एवं उपभोक्ता जागरूकता कार्यक्रम में श्री अन्न के स्वास्थ्य लाभों की दी गई जानकारी, विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओ को किया गया सम्मानित।
कुशीनगर, 08 सितम्बर (आरएनएस)। किसानों के साथ आम जनमानस को मिलेट्स श्री अन्न के प्रयोग, उपयोगिता एवं इससे होने वाले स्वास्थ्य लाभों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से जिला पंचायत रिसोर्स सेंटर, रविन्द्रनगर धूस में मिलेट्स श्री अन्न रेसिपी एवं उपभोक्ता जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारम्भ मुख्य अतिथि राज्य मंत्री दर्जा प्राप्त राजेश्वर सिंह ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी सुश्री वन्दिता श्रीवास्तव द्वारा विभिन्न स्टॉलों का भ्रमण एवं निरीक्षण किया गया तथा प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने वाले प्रतिभागियों से मिलेट्स से तैयार विभिन्न व्यंजनों एवं उनकी रेसिपी के संबंध में जानकारी प्राप्त की गई। कार्यक्रम में जनपद स्तरीय विभिन्न विभागों के अधिकारी, कृषि विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी तथा कृषक बंधुओं द्वारा बाजरा, रागी, सांवा, रामदाना आदि श्री अन्न से तैयार विभिन्न व्यंजनों का अवलोकन एवं सेवन किया।उप कृषि निदेशक अतीन्द्र सिंह ने बताया कि मिलेट्स पोषक तत्वों से भरपूर होने के साथ-साथ स्वास्थ्य के लिए अत्यंत लाभकारी हैं। इनमें फाइबर, प्रोटीन, आयरन, कैल्शियम एवं अन्य आवश्यक पोषक तत्व पर्याप्त मात्रा में पाए जाते हैं। नियमित आहार में श्री अन्न को शामिल करने से संतुलित एवं पौष्टिक आहार की उपलब्धता सुनिश्चित करने में मदद मिलती है। उन्होंने किसानों को मिलेट्स की खेती को बढ़ावा देने तथा कृषि विभाग की विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत उपलब्ध अनुदान एवं सुविधाओं की भी विस्तृत जानकारी दी। कार्यक्रम में जनपद के विभिन्न कृषक उत्पादक संगठनों एफपीओ, स्वयं सहायता समूहों, कृषि सखियों तथा राजकीय विद्यालयों के छात्र-छात्राओं द्वारा उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया गया। मिलेट्स उपभोक्ता जागरूकता कार्यक्रम के अंतर्गत राजकीय विद्यालय की छात्राओं के उत्साहवर्धन हेतु पेंटिंग प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया। जिसमें प्रतिभागी छात्राओं को पुरस्कृत एवं सम्मानित किया गया। मिलेट्स रेसिपी प्रतियोगिता में प्रगति प्रेरणा स्वयं सहायता समूह, भिस्वालाला, पडरौना को प्रथम, दीपक स्वयं सहायता समूह, कोहड़ा, पडरौना को द्वितीय तथा संतोषी महिला स्वयं सहायता समूह, शिवपुर बुजुर्ग को तृतीय पुरस्कार प्रदान किया। अन्य सभी प्रतिभागियों को सांत्वना पुरस्कार एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। मुख्य अतिथि राज्य मंत्री दर्जा प्राप्त राजेश्वर सिंह ने अपने उद्बोधन में श्री अन्न के स्वास्थ्य लाभों पर प्रकाश डालते हुए आमजन से अपने दैनिक आहार में मिलेट्स को शामिल करने का आह्वान किया। उन्होंने सरकार द्वारा किसानों के हित में संचालित विभिन्न योजनाओं एवं उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की भी जानकारी दी। जिला कृषि अधिकारी संजीव कुमार सिंह ने कृषकों को जनपद में बीज एवं उर्वरक की उपलब्धता के संबंध में जानकारी प्रदान की तथा कार्यक्रम में उपस्थित सभी अतिथियों, कृषकों एवं प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन विषय वस्तु विशेषज्ञ  जमालुद्दीन अंसारी द्वारा किया गया। इस अवसर पर लक्की तिवारी, वरिष्ठ प्राविधिक सहायक ग्रुप-ए,  वेंकट रमण पाण्डेय, वरिष्ठ प्राविधिक सहायक ग्रुप-बी, मदन गोपाल गौतम, वरिष्ठ प्राविधिक सहायक ग्रुप-बी सहित कृषि विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *