(कुशीनगर) कुशीनगर पुलिस ने 60 चोरी के मोबाइल के साथ युवक को दबोचा
—-विभिन्न शहरों के चोर बाजार से मोबाइल खरीदकर बिहार के ग्रामीण क्षेत्रों में बेचने की बात कबूली।
कुशीनगर, 08 सितम्बर (आरएनएस)। जनपद के तरयासुजान पुलिस ने चोरी के मोबाइल फोन की बरामदगी के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी के कब्जे से विभिन्न ब्रांड के कुल 60 अदद चोरी के मोबाइल फोन बरामद किया हैं।
पुलिस के अनुसार आरोपी इन मोबाइलों को अलग-अलग शहरों के चोर बाजार से खरीदकर बिहार के ग्रामीण इलाकों में बेचने का काम करता था। पुलिस के मुताबिक यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक केशव कुमार के कुशल निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक के पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी तमकुहीराज के नेतृत्व में चलाए जा रहे चोरी, चेकिंग अभियान के तहत की गई। इसी क्रम में तरयासुजान पुलिस टीम ने मुखबिर से मिली सूचना और जांच के आधार पर बहादुरपुर के पास से एक संदिग्ध व्यक्ति को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान गौरीशंकर कुमार 28 वर्ष पुत्र लक्ष्मीनारायण साह, निवासी झूली, थाना पटना, जिला मोतिहारी, बिहार के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान उसके पास से अलग-अलग ब्रांड के कुल 60 मोबाइल फोन बरामद किए गए है। पुलिस ने बरामद मोबाइलों के संबंध में आवश्यक जांच-पड़ताल शुरू कर दी है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि ये मोबाइल किन घटनाओं से संबंधित हैं। पुलिस की पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह विभिन्न शहरों के चोर बाजारों से मोबाइल फोन खरीदकर लाता था और बाद में उन्हें बिहार के ग्रामीण क्षेत्रों में बेच देता था। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर मोबाइल चोरी के नेटवर्क तथा उससे जुड़े अन्य लोगों के बारे में जानकारी जुटा रही है। इस मामले में तरया सुजान थाने में मु0अ0सं0 280/2026, धारा 303(2) /317(2) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम में थानााध्यक्ष नितिन रुनाथ श्रीवास्तव, उपनिरीक्षक अतुल कुमार बिन्द, उपनिरीक्षक मनीष कुमार, उपनिरीक्षक मुकेश कुमार, उपनिरीक्षक विवेक सिंह, कांस्टेबल उपेन्द्र यादव तथा कांस्टेबल आदर्श मिश्रा शामिल रहे।

