दरियापुर फ्लाईओवर के नीचे बने श्रमिक जोन का डीएम ने किया निरीक्षण
*श्रमिकों को रोजगार के साथ स्वास्थ्य और सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने पर जोर*
फोटो 02
सुलतानपुर। शाहगंज चौराहे से दरियापुर ओवरब्रिज के नीचे स्थानांतरित किए गए श्रमिक जोन का बुधवार को जिलाधिकारी इंद्रजीत सिंह ने निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने श्रमिकों से संवाद कर उनकी समस्याओं और उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली।
श्रमिकों को एक ही स्थान पर रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के साथ ही उन्हें स्वास्थ्य सेवाओं और शासन की कल्याणकारी योजनाओं से जोड़ने के उद्देश्य से श्रमिक जोन स्थापित किया गया है। यहां स्वास्थ्य विभाग की ओर से सात दिवसीय स्वास्थ्य शिविर भी लगाया गया है। शिविर में टीबी, बुखार, आंखों, शुगर और ब्लड प्रेशर समेत विभिन्न स्वास्थ्य जांच की जा रही हैं। पात्र श्रमिकों के आयुष्मान कार्ड बनाए जाने के साथ श्रम विभाग की ओर से श्रमिक कार्ड भी तैयार किए जा रहे हैं।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने श्रमिक जोन में मूलभूत सुविधाओं को और बेहतर बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी को श्रमिकों के लिए बैठने की व्यवस्था, पेयजल, बिजली, जिम तथा स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने को कहा। साथ ही मुख्य चिकित्साधिकारी को स्वास्थ्य सेवाओं की प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। डीएम ने कहा कि श्रमिकों के लिए समय-समय पर स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जाएंगे। आगामी शिविरों में एक्स-रे मशीन, मोबाइल एंबुलेंस और मोबाइल मेडिकल यूनिट जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराने की भी व्यवस्था की जा रही है, ताकि श्रमिकों को उनके कार्यस्थल के निकट ही जरूरी स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकें। श्रमिक जोन की व्यवस्थाओं की निगरानी के लिए टीम गठित की गई है। प्रशासन का उद्देश्य श्रमिकों को रोजगार के साथ-साथ सरकारी योजनाओं, स्वास्थ्य सेवाओं और अन्य कल्याणकारी सुविधाओं का लाभ एक ही स्थान पर उपलब्ध कराना है।

