पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर पलटी बोलेरो, एक की मौत; छह घायल

पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर पलटी बोलेरो, एक की मौत; छह घायल
हलियापुर/सुल्तानपुर। हलियापुर थाना क्षेत्र में बुधवार तड़के पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर बड़ा सड़क हादसा हो गया। माइलस्टोन 87.100 के पास करीब सुबह 4 बजे तेज रफ्तार बोलेरो अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में 25 वर्षीय अंसार की मौत हो गई, जबकि छह लोग घायल हो गए।
     बताया जा रहा है कि बोलेरो में अंबेडकरनगर के सात लोग सवार थे, जो लखनऊ से अपने गांव लौट रहे थे। हादसे की सूचना मिलते ही एक्सप्रेसवे कर्मियों ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया और सभी घायलों को 100 शैय्या अस्पताल कुमारगंज पहुंचाया। यहां चिकित्सकों ने अंसार को मृत घोषित कर दिया। हादसे में गंभीर रूप से घायल दुर्गेश सिंह, रोहित, राकेश और चालक सौरभ मोहन को प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कॉलेज दर्शननगर रेफर किया गया। वहीं मनीष यादव और अर्पित विश्वकर्मा का इलाज कुमारगंज अस्पताल में चल रहा है।घटना की सूचना मिलते ही हलियापुर पुलिस मौके पर पहुंची और हादसे की जांच शुरू कर दी। पुलिस के अनुसार दुर्घटना के कारणों की अभी स्पष्ट पुष्टि नहीं हुई है। प्रारंभिक तौर पर बोलेरो के डिवाइडर से टकराने अथवा किसी अज्ञात वाहन की चपेट में आने की आशंका जताई जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *