प्रधानाचार्य कार्यशाला एवं ‘नवांकुर’ पत्रिका का हुआ भव्य विमोचन

प्रधानाचार्य कार्यशाला एवं ‘नवांकुर’ पत्रिका का हुआ भव्य विमोचन
आजमगढ़, 28 सितंबर(आर एन एस)भारत स्काउट और गाइड, उत्तर प्रदेश की जिला संस्था आजमगढ़ के तत्वावधान में हरिऔध कला भवन में प्रधानाचार्य कार्यशाला एवं ‘नवांकुर’ पत्रिका विमोचन समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में प्रादेशिक मुख्यायुक्त प्रभात कुमार एवं जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार द्वारा ‘नवांकुर’ पत्रिका का विमोचन किया गया।पत्रिका के विमोचन के उपरांत जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार ने अपने संबोधन में कहा कि कार्यशाला की वास्तविक सफलता तभी होगी, जब इसमें प्रतिभाग करने वाले सभी प्रधानाचार्य अपने-अपने विद्यालयों में स्काउट-गाइड दल का पंजीकरण एवं नवीनीकरण सुनिश्चित कराने के साथ ही शिक्षकों की ट्रेनिंग भी कराएं। उन्होंने कहा कि स्काउट-गाइड की गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों में अनुशासन, सेवा, सहयोग, नेतृत्व एवं राष्ट्रप्रेम की भावना विकसित की जा सकती है। इसका उद्देश्य परिवार, समाज एवं राष्ट्र के लिए जिम्मेदार एवं अच्छे नागरिक तैयार करना होना चाहिए।जिलाधिकारी ने उत्कृष्ट कार्य करने वाले ट्रेनर्स को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। सम्मानित होने वालों में प्रमोद कुमार दुबे, डीटीसी-एस, दिनेश सिंह, जिला स्काउट मास्टर, रणधीर सिंह, सुभाष चंद्र गोंड, अवधेश यादव, अनीता साइलेश, डॉ. घनश्याम दुबे सहित अन्य शामिल रहे।कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती की प्रतिमा पर अतिथियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलन एवं वंदे मातरम् के गायन से हुआ। इस अवसर पर उपस्थित सम्मानित अतिथियों को अंगवस्त्रम, बुके एवं मोमेंटो प्रदान कर सम्मानित किया गया। एडीएम प्रशासन संजय चावला, जिला विद्यालय निरीक्षक अजय कुमार, प्रधानाचार्य अजीत कुमार सिंह सहित अन्य अतिथियों का भी सम्मान किया गया।कार्यशाला में प्रादेशिक संयुक्त सचिव सुश्री पूनम सन्धू पर्यवेक्षक के रूप में उपस्थित रहीं। उन्होंने पीपीटी के माध्यम से स्काउट-गाइड की वार्षिक कार्ययोजना एवं गतिविधियों की रूपरेखा प्रस्तुत की। शैलेश प्रकाश, एएसओसी, मंडल आजमगढ़ ने कार्यशाला के उद्देश्य एवं उसकी उपयोगिता पर विस्तार से प्रकाश डाला।जिला मुख्यायुक्त अमरनाथ राय ने कहा कि जनपद आजमगढ़ स्काउट-गाइड की गतिविधियों में सभी के सक्रिय सहयोग एवं योगदान से निरंतर अपनी पहचान बना रहा है। उन्होंने प्रधानाचार्यों एवं संबंधित पदाधिकारियों से विद्यालयों में स्काउट-गाइड गतिविधियों को और अधिक प्रभावी बनाने का आह्वान किया।कार्यक्रम में आयोजन समिति के संयोजक डॉ. रणधीर सिंह ने स्वागत एवं परिचय प्रस्तुत किया। जिला सचिव सुभाष चंद्र गोंड ने सभी अतिथियों, पदाधिकारियों एवं प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का संयुक्त संचालन प्रमोद कुमार दुबे एवं डॉ. घनश्याम दुबे ने किया।इस अवसर पर सीबीएसई बोर्ड की जिला समन्वयक सपना सिंह सहित जनपद के विभिन्न विद्यालयों के प्रधानाचार्य, स्काउट-गाइड पदाधिकारी, प्रशिक्षक एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *