अयोध्या को दीपोत्सव तक मिलेगी एक और सौगात
-मानसिक मंदित आश्रय गृह सह प्रशिक्षण केंद्र का कार्य अंतिम चरण में
-बीकापुर तहसील क्षेत्र में 9.74 करोड़ रुपये की लागत से हो रहा केंद्र का निर्माण
अयोध्या। योगी आदित्यनाथ सरकार की दिव्यांगजनों के सशक्तीकरण और उनके सर्वांगीण विकास की दिशा में एक और महत्वपूर्ण पहल तेजी से आकार ले रही है। जनपद के बीकापुर तहसील अंतर्गत शाहगंज बाजार स्थित मुकीमपुर में निर्माणाधीन नवीन मानसिक मंदित आश्रय गृह सह प्रशिक्षण केंद्र का कार्य अब अंतिम चरण में पहुंच गया हैं।यूपीआरएनएसएस के सहायक अभियंता संजय सिंह के अनुसार अब तक लगभग 95 प्रतिशत निर्माण कार्य पूरा हो चुका है। दीपोत्सव तक इसके लोकार्पण की संभावना है। यह परियोजना उत्तर प्रदेश राज्य निर्माण सहकारी संघ लिमिटेड (यूपीआरएनएसएस) के निर्माण प्रखंड अयोध्या द्वारा संचालित की जा रही है। तकरीबन 9.74 करोड़ रुपये से इसका निर्माण हो रहा है। इसमें मुख्य भवन (जी प्लस 2), टाइप-1, टाइप-2 (जी प्लस 1), टाइप-3 (जी प्लस 1) एवं टाइप-4 भवनों में पेंटिंग का कार्य प्रगति पर है।ओवरहेड टैंक का स्ट्रक्चर पूर्ण हो चुका है, जबकि बाउंड्री वॉल की चिनाई और स्थल विकास का कार्य भी अंतिम चरण में चल रहा है। इस केंद्र का मुख्य उद्देश्य मानसिक रूप से कमजोर बच्चों एवं व्यक्तियों को सुरक्षित आश्रय, निःशुल्क आवास, भोजन, शिक्षा तथा व्यावसायिक प्रशिक्षण उपलब्ध कराना है। विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रमों के माध्यम से उन्हें स्वरोजगार और कौशल विकास के अवसर दिए जाएंगे, जिससे वे आत्मनिर्भर बनकर समाज की मुख्यधारा से जुड़ सकें। जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी चंद्रेश त्रिपाठी ने बताया कि सरकार की मंशा यह भी है कि रेलवे स्टेशन, बस अड्डों और भीड़-भाड़ वाले स्थानों पर घूमते मानसिक मंदित व्यक्तियों को यहां लाकर रखा जाए तथा उन्हें भोजन-पानी के साथ-साथ सही व्यवहार का प्रशिक्षण भी दिया जाए। दीपोत्सव तक यह केंद्र अयोध्यावासियों को एक नई सौगात के रूप में उपलब्ध होने की उम्मीद है।

