पूर्णिया पुल के नीचे मारपीट में घायल युवक की मौत, कैंची से हमला करने के आरोप में साथी हिरासत में
लखनऊ (आरएनएस)। अलीगंज थाना क्षेत्र में पूर्णिया पुल के नीचे शनिवार शाम दो युवकों के बीच हुई मारपीट में घायल युवक की उपचार के दौरान मौत हो गई। पुलिस के अनुसार, आपसी कहासुनी के बाद साथी युवक ने पास की दुकान से कैंची उठाकर राहुल अवस्थी पर कथित रूप से हमला कर दिया था।पुलिस के मुताबिक, तीन अक्टूबर को शाम करीब 5:51 बजे यातायात नियंत्रण कक्ष से पूर्णिया पुल के नीचे दो व्यक्तियों के बीच मारपीट की सूचना मिली थी। सूचना पर अलीगंज पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। जांच में सामने आया कि राहुल अवस्थी (35) पुत्र सुरेश, निवासी ग्राम गैरोली, जनपद सीतापुर, डाला चलाने का काम करता था। उसका अपने साथी प्रदीप, निवासी नौबस्ता, थाना मड़ियांव से किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई।पुलिस के अनुसार, कहासुनी के दौरान प्रदीप ने पास की दुकान से कैंची उठाकर राहुल अवस्थी पर हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने घायल राहुल को तत्काल वाघा अस्पताल पहुंचाया। वहां से परिजन बेहतर उपचार के लिए उसे केजीएमयू ले गए, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।घटना की सूचना मिलने पर अपर पुलिस आयुक्त उत्तरी, सहायक पुलिस आयुक्त अलीगंज और प्रभारी निरीक्षक अलीगंज मौके पर पहुंचे। पुलिस ने प्रदीप को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, परिजनों से प्रार्थना पत्र प्राप्त होने के बाद मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
————

