लखनऊ विश्वविद्यालय में ‘वॉर्टेक्स’ रोबोटिक्स कार्यशाला शुरू, विद्यार्थियों को सेंसर तकनीक का प्रशिक्षण
लखनऊ (आरएनएस)। लखनऊ विश्वविद्यालय के अभियांत्रिकी एवं प्रौद्योगिकी संकाय के अंतर्गत संचालित लाइफ-रोबो रोबोटिक्स क्लब ने आईईईई रोबोटिक्स एवं ऑटोमेशन सोसाइटी के सहयोग से ‘वॉर्टेक्स’ रोबोटिक्स कार्यशाला श्रृंखला का शुभारंभ किया। इसके साथ ही क्लब के इंडक्शन कार्यक्रम और कार्यशाला श्रृंखला के प्रथम सत्र ‘रोबोटिक्स में सेंसर एवं ट्रांसड्यूसर’ का आयोजन किया गया।कार्यक्रम में विद्यार्थियों को लाइफ-रोबो रोबोटिक्स क्लब और आईईईई रोबोटिक्स एवं ऑटोमेशन सोसाइटी की गतिविधियों, उद्देश्यों तथा भावी योजनाओं की जानकारी दी गई। कार्यशाला श्रृंखला की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए बताया गया कि इसका उद्देश्य विद्यार्थियों में रोबोटिक्स, स्वचालन, कृत्रिम बुद्धिमत्ता और उभरती प्रौद्योगिकियों के प्रति वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करने के साथ व्यावहारिक दक्षता बढ़ाना है।कार्यशाला के प्रथम सत्र का संचालन रोबोटिक्स क्लब के संयोजक डॉ. मनोज कुमार जैन ने किया। उन्होंने ट्रांसड्यूसर और सेंसर प्रौद्योगिकी की मूलभूत अवधारणाओं पर विस्तार से चर्चा की। विद्यार्थियों को विभिन्न प्रकार के सेंसर, उनके गुणधर्म और रोबोटिक प्रणालियों में उनकी उपयोगिता के बारे में जानकारी दी गई। उन्होंने बताया कि सेंसर रोबोट की स्थिति, गति, अभिविन्यास और नेविगेशन से संबंधित सूचनाओं के मापन एवं नियंत्रण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। विद्यार्थियों को सेंसर आधारित निर्णय प्रणाली और बुद्धिमान रोबोटिक अनुप्रयोगों की कार्यप्रणाली से भी परिचित कराया गया।अधिष्ठाता, अभियांत्रिकी एवं प्रौद्योगिकी संकाय प्रो. सतेंद्र पाल सिंह ने कहा कि विश्वविद्यालय का उद्देश्य विद्यार्थियों को नवीनतम तकनीकी प्रगति से जोड़ते हुए नवाचार और अनुसंधान के लिए प्रेरित करना है। ‘वॉर्टेक्स’ कार्यशाला श्रृंखला विद्यार्थियों को अत्याधुनिक तकनीकों के साथ प्रत्यक्ष रूप से कार्य करने का अवसर देगी और उनके तकनीकी एवं व्यावसायिक कौशल को मजबूत करने में सहायक होगी।कार्यक्रम के समापन पर संवादात्मक सत्र आयोजित किया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने रोबोटिक्स और सेंसर प्रौद्योगिकी से जुड़े प्रश्न पूछे। प्रतिभागियों ने आगामी कार्यशालाओं में सक्रिय रूप से भाग लेने की उत्सुकता भी जताई। कार्यशाला में बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने सहभागिता कर रोबोटिक्स के मूलभूत सिद्धांतों की जानकारी प्राप्त की।

