नगर निगम के जोन-4 और जोन-5 में अतिक्रमण विरोधी अभियान, 18 हजार रुपये शुल्क वसूला

नगर निगम के जोन-4 और जोन-5 में अतिक्रमण विरोधी अभियान, 18 हजार रुपये शुल्क वसूला

लखनऊ (आरएनएस)। नगर आयुक्त गौरव कुमार के निर्देश पर नगर निगम की ओर से शहर के विभिन्न जोनों में अतिक्रमण के खिलाफ अभियान लगातार जारी है। इसी क्रम में शनिवार को जोन-4 और जोन-5 में विशेष अतिक्रमण विरोधी अभियान चलाकर अस्थायी अतिक्रमण हटाए गए तथा अतिक्रमणकारियों से कुल 18 हजार रुपये शुल्क वसूल किया गया।जोन-4 में जोनल अधिकारी शिल्पा कुमारी के निर्देश पर मैक्स हॉस्पिटल, विराज खंड और गोमतीनगर क्षेत्र में अभियान चलाया गया। इस दौरान अतिक्रमणकारियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 16 हजार रुपये अतिक्रमण शुल्क जमा कराया गया। अभियान में नगर निगम के कर्मचारियों के साथ प्रवर्तन दल की टीम भी मौजूद रही।

जोन-5 में कनौसी पुल के पास मेन बारा बिरवा-अवध चौराहे से दुबग्गा जाने वाली सड़क तथा कनौसी पुल नहर किनारे सड़क पर अभियान चलाया गया। जोनल अधिकारी विनीत कुमार सिंह के नेतृत्व में की गई कार्रवाई के दौरान अस्थायी अतिक्रमण हटाए गए। अभियान में आठ ठेले, दो गुमटी और छह काउंटर हटाए गए, जबकि एक ठेला, एक लोहे का काउंटर और एक लोहे की बेंच जब्त की गई। इस दौरान अतिक्रमणकारियों से दो हजार रुपये शमन शुल्क वसूल किया गया और भविष्य में दोबारा अतिक्रमण नहीं करने की चेतावनी दी गई।

अभियान में कर अधीक्षक सभाजीत सिंह, जोनल सेनेटरी अधिकारी प्रीती यादव, राजस्व निरीक्षक राजू कुमार, सफाई एवं खाद्य निरीक्षक प्रमोद गौतम, प्रवर्तन दल तथा पुलिस बल की टीम मौजूद रही। नगर निगम अधिकारियों ने बताया कि सार्वजनिक मार्गों और अन्य स्थानों पर किए गए अवैध अतिक्रमण के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *