ब्यूरो चीफ / सत्य प्रकाश उपाध्याय
नोएडा। सेक्टर-33 स्थित शिल्प हाट के निकट हेलीपैड ग्राउंड में भारत विकास परिषद, नोएडा की ओर से आयोजित श्रीमद्भागवत कथा ज्ञान यज्ञ के छठे दिन गुरुवार को रास पंचाध्यायी, गोपी-उद्धव संवाद और श्री रुक्मिणी विवाह के भावपूर्ण प्रसंगों ने श्रद्धालुओं को भक्तिरस से सराबोर कर दिया। कथा पंडाल में बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे और कथा का श्रवण कर आध्यात्मिक एवं सनातन संस्कारों का संदेश प्राप्त किया।
कथा व्यास आचार्य मृदुल कांत शास्त्री जी महाराज ने श्रीमद्भागवत के विभिन्न प्रसंगों की व्याख्या करते हुए भक्ति, सदाचार, संस्कार और सनातन जीवन मूल्यों को जीवन में अपनाने का संदेश दिया। उन्होंने पितृ पक्ष में श्रीमद्भागवत कथा श्रवण के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि भागवत कथा मनुष्य को आध्यात्मिक शांति प्रदान करने के साथ ही उसे संस्कारवान और सदाचारी जीवन जीने की प्रेरणा देती है।
कार्यक्रम का विशेष आकर्षण संतों का पावन सान्निध्य रहा। परम पूज्या दीदी मां ऋतंभरा जी, ब्रह्मर्षि श्री कुमार स्वामी महाराज, श्री ज्ञानानंद जी महाराज, वृंदावन के श्रद्धेय भगवताचार्य श्री नेत्रपाल गुरुजी महाराज तथा श्री सतपाल ब्रह्मचारी महाराज की उपस्थिति ने आयोजन को विशेष आध्यात्मिक गरिमा प्रदान की। श्रद्धालुओं ने संतों के दर्शन कर उनके आशीर्वचन प्राप्त किए।
कथा के दौरान भव्य श्री रुक्मिणी विवाह उत्सव का आयोजन किया गया। विवाह प्रसंग के दौरान कथा पंडाल भक्तिमय वातावरण में बदल गया और श्रद्धालु भजनों पर झूमते नजर आए। इस अवसर पर मुख्य अतिथि डॉ. महेश शर्मा, सांसद गौतमबुद्ध नगर, उपमुख्य अतिथि सुरेंद्र नागर, राज्यसभा सांसद तथा विशिष्ट अतिथियों में डॉ. कृष्ण गोपाल, सहकार्यवाह, आरएसएस, जे.के. दादू, पूर्व सचिव भारत सरकार, डी.एस. चौहान, पूर्व डीजीपी तथा इंजीनियर रमेश कुमार, सहायक निदेशक सुरक्षा, विद्युत विभाग सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे। अतिथियों ने कथा व्यास का माल्यार्पण कर एवं शॉल ओढ़ाकर अभिनंदन किया।
कथा के मुख्य यजमान डॉ. वी.के. गुप्ता एवं श्रीमती रीना गुप्ता रहे। भारत विकास परिषद, नोएडा के अध्यक्ष संजय कुमार गुप्ता ने बताया कि श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए आयोजन स्थल पर पेयजल, पार्किंग, सुरक्षा और स्वच्छता की विशेष व्यवस्था की गई है। कथा के बाद प्रतिदिन भंडारे एवं प्रसाद वितरण की भी व्यवस्था की जा रही है।
इस अवसर पर परिषद के सचिव अखिलेश भदौरिया, कोषाध्यक्ष अक्षय पारीक, सुनीता मित्तल, डॉ. टी.एन. गोविल, प्रताप मेहता, सीए महेश बाबू गुप्ता, विपिन मल्हन, केशव गंगल, एन.के. अग्रवाल, रामरतन शर्मा, राकेश कत्याल, वी.के. सेठ, विकास अग्रवाल, डॉ. नरेश शर्मा, मनोज बंसल, मुकुल वाजपेयी सहित परिषद के पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।

