टीबी उन्मूलन अभियान से जुड़ेंगे युवा, निक्षय मित्र बनने की अपील

टीबी उन्मूलन अभियान से जुड़ेंगे युवा, निक्षय मित्र बनने की अपील

 

*टीबी के खिलाफ जंग में युवाओं की बढ़ेगी भागीदारी*

*सीडीओ की अध्यक्षता में बैठक*

*माय भारत स्वयंसेवकों को गांव-गांव जागरूकता की जिम्मेदारी*

फोटो 01

सुल्तानपुर । टीबी उन्मूलन अभियान को जन-जन तक पहुंचाने और युवाओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से गुरुवार को कलेक्ट्रेट स्थित एनआईसी सभागार में बैठक आयोजित की गई। मुख्य विकास अधिकारी विनय कुमार सिंह की अध्यक्षता में हुई बैठक में अधिकारियों के साथ मेरा युवा भारत (MY Bharat) के स्वयंसेवकों ने टीबी के खिलाफ जागरूकता अभियान को प्रभावी बनाने पर मंथन किया।

बैठक में सीएमओ डॉ. भारत भूषण, बीएसए उपेंद्र गुप्ता, जिला युवा अधिकारी सुधीर पांडेय सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। माय भारत के मीडिया प्रभारी किशन पाठक समेत बड़ी संख्या में युवा स्वयंसेवकों ने भी सहभागिता की।

नई दिल्ली स्थित भारत मंडपम से आयोजित लाइव कार्यक्रम में अधिकारियों और स्वयंसेवकों ने ऑनलाइन प्रतिभाग किया। इस दौरान टीबी उन्मूलन अभियान, जनभागीदारी और निक्षय मित्र योजना की जानकारी दी गई। लोगों से अधिक से अधिक संख्या में निक्षय मित्र बनकर टीबी मरीजों को पोषण एवं सामाजिक सहयोग उपलब्ध कराने की अपील की गई।

*गांव-गांव पहुंचाएंगे जागरूकता का संदेश*

माय भारत स्वयंसेवकों को अपने क्षेत्रों में युवाओं और आमजन को टीबी के लक्षण, जांच, उपचार और बचाव के प्रति जागरूक करने की जिम्मेदारी दी गई। अधिकारियों ने कहा कि टीबी उन्मूलन केवल सरकारी विभागों की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज के हर वर्ग की सहभागिता से ही यह अभियान सफल होगा।

*सीडीओ ने दिलाई नशा मुक्त भारत की शपथ*

बैठक के दौरान सीडीओ विनय कुमार सिंह ने अधिकारियों, कर्मचारियों और उपस्थित लोगों को नशा मुक्त भारत के निर्माण की शपथ दिलाई। उन्होंने युवाओं से नशे के खिलाफ जागरूकता फैलाने और दूसरों को भी नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया। अंत में “टीबी हारेगा, देश जीतेगा” के संदेश के साथ लोगों से अभियान में सक्रिय भागीदारी करने तथा जरूरतमंद टीबी मरीजों के सहयोग के लिए निक्षय मित्र बनने की अपील की गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *