जौनपुर में वाराणसी खंड स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र निर्वाचन-2026 को स्वतंत्र, निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने हेतु आवश्यक तैयारियाँ की जा रही।

जिला निर्वाचन अधिकारी सैमुअल पाल एन के द्वारा कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित पत्रकार वार्ता के दौरान अवगत कराया कि माननीय भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप जनपद जौनपुर में वाराणसी खंड स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र निर्वाचन-2026 को स्वतंत्र, निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने हेतु आवश्यक तैयारियाँ की जा रही।

 

निर्वाचन की अधिसूचना 29 सितंबर, 2026 को जारी हुई। नामांकन की अंतिम तिथि 06 अक्टूबर, संवीक्षा 07 अक्टूबर तथा नाम वापसी की अंतिम तिथि 09 अक्टूबर, 2026 थी। मतदान 23 अक्टूबर को प्रातः 08:00 से अपराह्न 04:00 बजे तक होगा। मतगणना 27 अक्टूबर को लाल बहादुर शास्त्री कृषि उत्पादन मंडी समिति, पहड़िया मंडी, वाराणसी में निर्धारित है। निर्वाचन प्रक्रिया 31 अक्टूबर, 2026 तक पूर्ण की जाएगी।

 

जनपद में स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के 22 मतदान केंद्रों पर 68 मतदेय स्थल तथा शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के 22 मतदान केंद्रों पर 22 मतदेय स्थल निर्धारित हैं—कुल 22 मतदान केंद्र पर 90 मतदेय स्थल निर्धारित हैं । उपलब्ध अद्यतन विवरण के अनुसार दोनों निर्वाचन क्षेत्रों में कुल 67,172 मतदाता पंजीकृत हैं: स्नातक क्षेत्र में 60,396 तथा शिक्षक क्षेत्र में 6,776 मतदाता पंजीकृत हैं ।

 

उन्होंने बताया कि प्रत्येक मतदान दल में एक पीठासीन अधिकारी एवं तीन मतदान अधिकारी (I, II, III) रहेंगे। 90 पीठासीन अधिकारियों और 270 मतदान अधिकारियों (I, II, III) की तैनाती के अतिरिक्त 22 पीठासीन अधिकारी तथा 66 मतदान अधिकारी (I, II, III) आरक्षित हैं। मतदान कार्मिको का प्रशिक्षण 10, 16 एवं 22 अक्टूबर को निर्धारित है। पर्यवेक्षण हेतु 22 माइक्रो ऑब्जर्वर तथा 08 आरक्षित माइक्रो ऑब्जर्वर की व्यवस्था है।

 

पुलिस बल की उपलब्धता 360 तथा आरक्षित बल 50 है। प्रभावी पर्यवेक्षण के लिए 22 सेक्टर मजिस्ट्रेट और 05 आरक्षित, 06 जोनल मजिस्ट्रेट और 03 आरक्षित तथा 02 सुपर जोनल मजिस्ट्रेट निर्धारित हैं। मतदान दिवस पर आवश्यकतानुसार सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।

 

जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि निर्वाचन की सभी व्यवस्थाओं की नियमित समीक्षा की जा रही है। संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आयोग के दिशा-निर्देशों का पूर्ण अनुपालन करते हुए निष्पक्षता, पारदर्शिता एवं उत्तरदायित्व के साथ अपने दायित्व निभाने के निर्देश दिए गए हैं।

 

अंत मे उन्होंने अवगत कराया कि जनपद जौनपुर में वाराणसी खंड स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र निर्वाचन-2026 को निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार संपन्न कराने हेतु आवश्यक प्रशासनिक एवं व्यवस्थागत कार्यवाही की जा रही है।

 

इसी दौरान जिला निर्वाचन अधिकारी ने विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण (SIR)-2026 के अंतर्गत जनपद जौनपुर की मतदाता सूची के पुनरीक्षण तथा मतदाता सूची में नाम सम्मिलित किए जाने, अपमार्जित किए जाने एवं प्रविष्टियों में संशोधन से संबंधित प्राप्त आवेदनों की प्रगति के संबंध में जानकारी देते हुए उन्होंने जनपद के समस्त नागरिकों से अपील की है कि यदि किसी अर्ह एवं पात्र मतदाता का नाम किसी भी कारणवश मतदाता सूची में सम्मिलित होने से छूट गया है अथवा मतदाता सूची से विलोपित हो गया है, तो ऐसे सभी पात्र मतदाता प्रारूप-6 के माध्यम से मतदाता सूची में अपना नाम सम्मिलित कराने हेतु आवेदन कर सकते हैं। मतदाता अपना आवेदन ऑनलाइन माध्यम से भी प्रस्तुत कर सकते हैं। इसके लिए भारत निर्वाचन आयोग के आधिकारिक पोर्टल https://voters.eci.gov.in/ अथवा Voters’ Helpline / ECINET ऐप के माध्यम से नाम पंजीकरण हेतु आवश्यक कार्यवाही की जा सकती है।

 

उन्होंने सभी पात्र नागरिकों से अनुरोध किया है कि वे अपनी पात्रता के अनुसार मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज होने की स्थिति की जाँच कर लें। यदि नाम सम्मिलित नहीं है, तो निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार प्रारूप-6 भरकर आवेदन करें, ताकि पात्र मतदाता का नाम मतदाता सूची में सम्मिलित किए जाने हेतु नियमानुसार कार्यवाही की जा सके।

जिलाधिकारी ने बताया कि वर्तमान में जनपद की मतदाता सूची में जेंडर रेशियो 858 है, जो प्रदेश स्तर के औसत से नीचे है।

इस संबंध में अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि जनपद में महिला मतदाताओं की संख्या बढ़ाने के लिए अधिक से अधिक प्रयास किए जाएं।

 

विशेष रूप से जो महिलाएं विवाह उपरांत प्रवास कर जौनपुर में आकर निवास कर रही हैं, उनके नाम मतदाता सूची में जोड़ने के लिए बीएलओ एवं समस्त तहसील प्रशासन के अधिकारियों द्वारा विशेष प्रयास किया जाए।

 

जिला प्रशासन का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम सम्मिलित कराने के अवसर से वंचित न रहे। अतः सभी संबंधित नागरिकों से अनुरोध है कि मतदाता सूची में अपने नाम की स्थिति की जाँच करें तथा आवश्यकता होने पर निर्धारित प्रपत्र के माध्यम से आवेदन प्रस्तुत करें।

 

इस अवसर पर उप जिला निर्वाचन अधिकारी परमानंद झा, जिला सूचना अधिकारी मनोकामना राय, सम्मानित पत्रकार बंधु सहित अन्य उपस्थित रहे ।

————-

 

जौनपुर, 10 अक्टूबर, 2026 (सू0वि0) विज्ञप्ति संख्या 04

 

जिलाधिकारी श्री सैमुअल पाल एन की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में देर सायं आईजीआरएस की समीक्षा बैठक संपन्न हुई।

 

बैठक में जिलाधिकारी ने विभागवार शिकायतों के निस्तारण की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी भी दशा में शिकायतों के निस्तारण के संबंध में नकारात्मक फीडबैक प्राप्त नहीं होना चाहिए। शिकायतों का निस्तारण शिकायतकर्ता की संतुष्टि को ध्यान में रखते हुए किया जाए तथा आवश्यकतानुसार शिकायतकर्ता की उपस्थिति में निस्तारण की कार्यवाही सुनिश्चित की जाए।

 

जिलाधिकारी द्वारा विभागवार असंतुष्ट फीडबैक की समीक्षा की गयी जिसमें विद्युत् विभाग के स्तर पर सर्वाधिक असंतुष्ट फीडबैक पाए गए जिसपर विद्युत् विभाग के अधिकारियों का वेतन बाधित करते हुए उनका स्पष्टीकरण जारी करने के निर्देश दिए गए। इसी प्रकार लोक निर्माण विभाग एवं राजस्व के स्तर पर भी अत्यधिक संख्या में असंतुष्ट फीडबैक पाए जाने पर सम्बंधित अधिकारियों को स्पष्टीकरण जारी करने के निर्देश दिए गए, साथ ही समस्त विभागों को अपने कार्यों में और अधिक सुधार लाने के निर्देश देते हुए कहा कि आईजीआरएस के अंतर्गत प्राप्त शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। सभी संबंधित अधिकारी शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करें, ताकि किसी भी दशा में जनपद की रैंकिंग प्रभावित न हो।

 

इस दौरान विभिन्न विभागों के अधिकारियों द्वारा अपलोड की गयी रिपोर्ट/ निस्तारण आंख्या को पढ़कर सुनाते हुए कमियों को बताया गया तथा सुधार हेतु आवश्यक सुझाव भी दिए गए। इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी, मुख्य राजस्व अधिकारी, नगर मजिस्ट्रेट सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थि

त रहे ।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *