गुलाबी गैंग लोकतांत्रिक ने महिला उत्पीड़न पर बुलंद की आवाज
– महिलाओं ने काली पट्टी बांधकर किया प्रदर्शन, ज्ञानेश के इस्तीफे की उठाई मांग
फोटो परिचय- (2) महिला उत्पीड़न पर हाथ में लाठी लेकर प्रदर्शन करतीं गुलाबी गैंग की महिलाएं।
फतेहपुर। महिलाओं के उत्पीड़न, मौलिक अधिकारों के हनन व कथित वोट चोरी के विरोध में सोमवार को गुलाबी गैंग लोकतांत्रिक की महिलाओं ने सुजानपुर स्थित कार्यालय में लाठी-गर्जना कर विरोध जताया। राष्ट्रीय अध्यक्ष हेमलता पटेल के नेतृत्व में महिलाओं ने सिर पर काली पट्टी बांधी व नारेबाजी करते हुए अपनी मांगें उठाईं। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने लाठियां जमीन पर पटककर विरोध दर्ज कराया और महिला सुरक्षा, लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा व मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग से जुड़ी तख्तियां प्रदर्शित कीं।
हेमलता पटेल ने कहा कि देश की राजधानी दिल्ली में महिलाओं व आम नागरिकों के साथ कथित दुर्व्यवहार तथा शांतिपूर्ण प्रदर्शन करने वालों पर कार्रवाई लोकतांत्रिक अधिकारों को लेकर गंभीर सवाल खड़े करती है। उन्होंने आरोप लगाया कि महिलाओं को सड़कों पर घसीटने, उनके साथ मारपीट करने व आवाज उठाने वालों को हिरासत में लेने जैसी घटनाएं चिंताजनक हैं। उन्होंने इसे महिलाओं की गरिमा और मौलिक अधिकारों से जुड़ा मुद्दा बताते हुए कहा कि वोट चोरी के आरोपों और प्रदर्शनकारियों के साथ व्यवहार की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। उन्होंने मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग करते हुए चेतावनी दी कि महिलाओं की सुरक्षा और अधिकारों से जुड़े मुद्दों पर कार्रवाई नहीं हुई तो संगठन आंदोलन तेज करेगा। प्रदर्शन के दौरान जिलाध्यक्ष सरला सिंह, रेखा रानी, विमला, शहरून, सुमन, आरती, सरिता, निर्मला, रंजना, राजरानी, प्रियंका समेत संगठन की जिला एवं ब्लॉक स्तरीय पदाधिकारी मौजूद रहीं।

