आधार कार्ड बनाने के नाम पर वसूली, बच्चों का कार्ड भी 150 रुपये में

आधार कार्ड बनाने के नाम पर वसूली, बच्चों का कार्ड भी 150 रुपये में

-ऑपरेटर बोला- ऊपर भी देना पड़ता है पैसा

-प्रभारी सीडीपीओ ने कहा- बच्चों के आधार पर कोई शुल्क नहीं

मिल्कीपुर-अयोध्या। अमानीगंज ब्लॉक मुख्यालय परिसर स्थित बाल विकास परियोजना अधिकारी (सीडीपीओ) कार्यालय में आधार कार्ड बनाने और संशोधन के नाम पर 150 रुपये वसूले जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि शून्य से पांच वर्ष तक के बच्चों का आधार कार्ड बनवाने के लिए भी लोगों से पैसे लिए जा रहे हैं, जबकि इस आयु वर्ग के बच्चों का आधार पंजीकरण निशुल्क है। आधार कार्ड बनाने का काम कर रहे ऑपरेटर चंद्रशेखर पांडे से जब शुल्क के बारे में पूछा गया तो उन्होंने बताया कि नया आधार कार्ड बनवाने और संशोधन कराने, दोनों के लिए 150 रुपये लिए जाते हैं। उन्होंने कहा कि यदि इतना पैसा नहीं लेंगे तो ऊपर भी देना पड़ता है। ऑपरेटर ने यह भी बताया कि दिनभर में केवल 40 से 50 कार्ड ही बन पाते हैं, ऐसे में उन्हें परेशानी होती है। इस संबंध में प्रभारी सीडीपीओ अनीता सोनकर से बात की गई तो उन्होंने ऊपर पैसे देने की बात से इनकार किया। उन्होंने स्पष्ट किया कि शून्य से पांच वर्ष तक के बच्चों का आधार कार्ड बनवाने के लिए कोई शुल्क नहीं लगता है। यदि ऑपरेटर द्वारा पैसे लिए जा रहे हैं तो वह मामले को दिखवाएंगी। पड़ताल के दौरान सिधारी बाजार निवासी अमीना बानो, टिकटी निवासी रूमा और रौतावां निवासी प्रशांत शुक्ला ने बताया कि वे आधार कार्ड में संशोधन कराने आए थे। इसके लिए उनसे भी 150 रुपये लिए गए। वहीं, क्षेत्रीय लोगों का आरोप है कि प्रभारी सीडीपीओ अनीता सोनकर करीब एक सप्ताह से कार्यालय नहीं आ रही हैं। इससे आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं और क्षेत्रीय लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *