कुएं में मिला बीए छात्रा का शव, मौत की गुत्थी उलझी

कुएं में मिला बीए छात्रा का शव, मौत की गुत्थी उलझी

रामनगर के रामपुर महा सिंह गांव के बाहर धान के खेतों में मिला शव, पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज

 

बाराबंकी। रामपुर महा सिंह गांव के बाहर धान के खेतों के बीच स्थित कुएं में शुक्रवार को युवती का शव तैरता मिला। शव दिखाई देने पर ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची रामनगर कोतवाली पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से शव को कुएं से बाहर निकलवाकर कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतका की पहचान अटौता गांव निवासी दिनेश की 20 वर्षीय पुत्री पार्वती के रूप में हुई है। वह रामनगर डिग्री कॉलेज में बीए प्रथम वर्ष की छात्रा थी। शुक्रवार को खेतों की ओर गए ग्रामीणों ने कुएं में शव देखा तो आसपास के लोगों को सूचना दी। देखते ही देखते मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ ही शव की पहचान कराई। घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्राधिकारी रामनगर गरिमा पंत और कोतवाल अरुण प्रताप सिंह भी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर पुलिसकर्मियों से आवश्यक जानकारी ली। घटना की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जरूरी साक्ष्य जुटाए। पुलिस युवती के कुएं तक पहुंचने और उसकी मौत की परिस्थितियों की पड़ताल कर रही है। युवती की मौत को लेकर क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं हैं। कुछ ग्रामीण इसे प्रेम प्रसंग से जोड़कर भी देख रहे हैं, हालांकि पुलिस की ओर से इसकी पुष्टि नहीं की गई है। पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। कोतवाल अरुण प्रताप सिंह ने बताया कि युवती का शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा। पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी

।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *