दशहरा मेले में बच्चों से मिलीं एसपी, पैदल गश्त कर परखी सुरक्षा व्यवस्था
बाजारों और प्रमुख चौराहों का किया निरीक्षण, संवेदनशील इलाकों में सतर्कता बढ़ाने के निर्देश
बाराबंकी। त्योहारों के मद्देनजर जिले में शांति और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस सतर्क है। इसी क्रम में रविवार को पुलिस अधीक्षक रवीना त्यागी ने कोतवाली नगर क्षेत्र में पैदल गश्त कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान वह दशहरा मेले में पहुंचीं और बच्चों से आत्मीयता के साथ बातचीत की। एसपी ने बच्चों से हाथ मिलाकर उनका अभिवादन किया और मेले में मौजूद लोगों से भी संवाद किया। पैदल गश्त के दौरान एसपी ने शहर के प्रमुख बाजारों, भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों और चौराहों का भ्रमण कर पुलिस की सुरक्षा तैयारियों को परखा। उन्होंने स्थानीय दुकानदारों और नागरिकों से बातचीत कर उन्हें सुरक्षा के प्रति आश्वस्त किया। साथ ही ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को सतर्क रहने और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए। एसपी ने संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस की सक्रियता बनाए रखने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि त्योहारों के दौरान बाजारों और सार्वजनिक स्थानों पर लोगों की आवाजाही बढ़ जाती है। ऐसे में पुलिसकर्मी पूरी मुस्तैदी से ड्यूटी करें, ताकि किसी भी अप्रिय घटना को समय रहते रोका जा सके। गश्त के दौरान सुरक्षा के साथ नागरिक सुविधाओं पर भी ध्यान दिया गया। रास्ते में बिजली के ढीले तारों और खंभों का निरीक्षण किया गया। संबंधित अधिकारियों को कमियों को दूर कराने के निर्देश दिए गए, ताकि त्योहारों के दौरान किसी तरह की दुर्घटना की आशंका न रहे। पुलिस ने आमजन से आपसी सौहार्द, प्रेम और भाईचारे के साथ त्योहार मनाने की अपील की। साथ ही लोगों से कहा कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें, जिससे समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके। इस दौरान क्षेत्राधिकारी नगर, आवास विकास चौकी प्रभारी अभिषेक राय सहित अन्य पुलिस अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

