यूपी-34 प्रीमियर लीग के मेगा ऑक्शन में 397 खिलाड़ियों पर लगी बोली, 256 को मिली टीमों में जगह
-रोशन कुमार बने सीजन-2 के सबसे महंगे खिलाड़ी, अमन स्ट्राइकर्स ने 15,500 रुपये में खरीदा
सीतापुर। यूपी-34 प्रीमियर लीग सीजन-2 के मेगा ऑक्शन में रविवार को खिलाड़ियों पर जमकर बोलियां लगीं। कुल 397 खिलाड़ियों में से 256 खिलाड़ियों की किस्मत चमकी और उन्हें 16 टीमों में जगह मिली। ऑक्शन में रोशन कुमार सबसे महंगे खिलाड़ी रहे। उन्हें अमन स्ट्राइकर्स ने 15,500 रुपये में खरीदा। खिलाड़ियों को अपनी टीम में शामिल करने के लिए टीम मालिकों के बीच कड़ी प्रतिस्पर्धा देखने को मिली।जेल रोड स्थित होटल जेपी इन में बड़ा हनुमान मंदिर के निकट आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ टूर्नामेंट अध्यक्ष एवं ब्रांड एंबेसडर भाजपा नेता व समाजसेवी सागर गुप्ता ने फीता काटकर किया। इस दौरान लीग की सभी 16 टीमों की जर्सियों का अनावरण किया गया। सागर गुप्ता ने टीम मालिकों और मीडिया जगत के प्रतिनिधियों को स्मृति चिह्न भेंटकर सम्मानित किया। सागर गुप्ता ने कहा कि इस तरह के खेल आयोजन युवाओं की प्रतिभा निखारने और उन्हें आगे बढ़ने का बेहतर मंच प्रदान करते हैं। उन्होंने खिलाड़ियों और आयोजकों को शुभकामनाएं दीं।टेनिस क्रिकेट स्पोर्ट फेडरेशन (इंडिया) के तत्वावधान में आयोजित मेगा ऑक्शन को सफल बनाने में आदिल, इकबाल अहमद, अनस, नेहाल, जमजम स्पोर्ट्स, पंकज शुक्ला मस्सा, अबुल हसन मून, अभिषेक तिवारी, ब्रजेंद्र मिश्रा, शानू खान, मोनिस अहमद, सूरज शर्मा, मिर्जा शीबू बेग और प्रधान नमकीन सहित टूर्नामेंट कमेटी के सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। कार्यक्रम के अंत में आयोजकों ने टीम मालिकों, खिलाड़ियों, मीडिया प्रतिनिधियों और खेलप्रेमियों का आभार जताया।
इनसेट
यूपी-34 प्रीमियर लीग में पुरस्कारों की भी बरसात
सीतापुर। यूपी-34 प्रीमियर लीग सीजन-2 में विजेता टीम को 1,22,222 रुपये की पुरस्कार राशि के साथ ट्रॉफी प्रदान की जाएगी। उपविजेता टीम को 66,666 रुपये और ट्रॉफी मिलेगी। वहीं, तीसरे और चौथे स्थान पर रहने वाली टीमों को 10-10 हजार रुपये की पुरस्कार राशि के साथ ट्रॉफी देकर सम्मानित किया जाएगा।
सिधौली-बिसवां मार्ग पर मिला अज्ञात युवक का शव, शिनाख्त में जुटी पुलिस
सिधौली/सीतापुर। सिधौली-बिसवां मार्ग पर सोमवार को जय श्री हॉस्पिटल के पास एक युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में पड़ा मिला। शव मिलने की सूचना से इलाके में हलचल मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और युवक की पहचान कराने का प्रयास शुरू कर दिया। युवक का शरीर अकड़ा हुआ था। इससे आशंका जताई जा रही है कि शव रात से ही वहां पड़ा हो सकता है। हालांकि, युवक की मौत किन परिस्थितियों में और कब हुई, इसकी पुष्टि नहीं हो सकी है।पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। युवक की शिनाख्त और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का पता चल सकेगा।

