ब्यूरो चीफ / सत्य प्रकाश उपाध्याय
नई दिल्ली। खेल के माध्यम से सामाजिक सरोकारों को बढ़ावा देने और जरूरतमंदों तक भोजन पहुंचाने के उद्देश्य से राष्ट्रीय क्रिकेट लीग (RCL) का पहला चैरिटी क्रिकेट मैच नई दिल्ली के नेशनल स्टेडियम में आयोजित किया गया। ‘हंगर फ्री भारत’ अभियान को समर्पित इस आयोजन में संतों, आध्यात्मिक गुरुओं, फिल्मी सितारों और जनप्रतिनिधियों ने एकजुट होकर भूख के खिलाफ लड़ाई तथा भोजन की बर्बादी रोकने का संदेश दिया।
राष्ट्रीय क्रिकेट लीग के संस्थापक अरविंद कुमार की इस पहल का मुख्य उद्देश्य क्रिकेट को समाज सेवा से जोड़ना है। अभियान के तहत हर 10 रन पर 100 जरूरतमंद लोगों को भोजन उपलब्ध कराने का संकल्प लिया गया। आयोजकों के अनुसार, इस चैरिटी मैच के माध्यम से 5,000 से अधिक भोजन जरूरतमंदों तक पहुंचाने का संकल्प भी लिया गया।
आस्था XI और सुपरस्टार XI के बीच रोमांचक मुकाबला
मैच में पूज्य चिन्मयानंद बापू जी की कप्तानी वाली आस्था XI और फिल्मी सितारों एवं जनप्रतिनिधियों से सजी सुपरस्टार XI के बीच मुकाबला हुआ। आस्था XI ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 10 ओवर में 147 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी सुपरस्टार XI की टीम पांच विकेट के नुकसान पर 120 रन ही बना सकी। सुपरस्टार XI की ओर से राहुल भूचर ने 17 गेंदों पर 45 रन की शानदार पारी खेली। इसके बावजूद आस्था XI ने 27 रन से जीत दर्ज कर विजेता ट्रॉफी अपने नाम की।
आस्था XI में पूज्य चिन्मयानंद बापू जी के अलावा पूज्य संजीव कृष्ण ठाकुर जी, पूज्य विष्णु दास जी, पूज्य सीताराम दास जी, पूज्य युवाचार्य अभयदास जी और अन्य संत शामिल रहे। वहीं, सुपरस्टार XI में सांसद एवं अभिनेता रवि किशन के साथ राकेश बेदी, विंदू दारा सिंह, रजा मुराद, अरुण बख्शी, अवतार गिल, शहबाज खान, सुनील पाल सहित कई कलाकारों ने हिस्सा लिया।
केंद्रीय मंत्री और जनप्रतिनिधियों ने की पहल की सराहना
कार्यक्रम एवं पुरस्कार वितरण समारोह में केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान, दिल्ली सरकार के कैबिनेट मंत्री कपिल मिश्रा, सांसद राजीव प्रताप रूडी और सांसद राजीव शुक्ला सहित कई विशिष्ट अतिथि उपस्थित रहे। अतिथियों ने क्रिकेट के माध्यम से मानव सेवा, भोजन की बर्बादी रोकने और जरूरतमंदों की सहायता के लिए लोगों को प्रेरित करने की पहल की सराहना की।
पूज्य चिन्मयानंद बापू जी ने संतों और फिल्मी सितारों को सामाजिक उद्देश्य के लिए एक मंच पर लाने के प्रयास की प्रशंसा की। वहीं, चिराग पासवान, कपिल मिश्रा, राजीव प्रताप रूडी और राजीव शुक्ला ने भी खेल के जरिए समाज में सकारात्मक संदेश पहुंचाने तथा सामूहिक भागीदारी बढ़ाने के महत्व पर जोर दिया।
‘क्रिकेट केवल खेल नहीं, मानव सेवा का माध्यम भी’
राष्ट्रीय क्रिकेट लीग और हंगर फ्री भारत मिशन के संस्थापक अरविंद कुमार ने कहा कि राष्ट्रीय क्रिकेट लीग केवल क्रिकेट खेलने का मंच नहीं, बल्कि इंसानियत, करुणा और समाज के प्रति जिम्मेदारी का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि जब खेल के हर 10 रन के साथ 100 जरूरतमंद लोगों को भोजन उपलब्ध कराने का संकल्प जुड़ता है, तो हर रन का महत्व और बढ़ जाता है।
उन्होंने भोजन की बर्बादी रोकने और जरूरतमंदों तक भोजन पहुंचाने के लिए समाज के सभी वर्गों से आगे आने की अपील की। साथ ही कहा कि इस संदेश को हर घर, रेस्टोरेंट, संस्थान और समुदाय तक पहुंचाना जरूरी है, ताकि भोजन का सम्मान हो और कोई भी व्यक्ति भूखा न सोए।
ट्रॉफी से आगे मानव सेवा की जीत
राष्ट्रीय क्रिकेट लीग का यह आयोजन खेल, आध्यात्मिकता और मनोरंजन जगत को सामाजिक जिम्मेदारी से जोड़ने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के रूप में सामने आया। ‘हर 10 रन पर 100 भोजन’ का संदेश इस कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण रहा। आयोजन के जरिए यह संदेश दिया गया कि क्रिकेट की लोकप्रियता का उपयोग समाज में जागरूकता फैलाने और जरूरतमंदों की मदद करने के लिए किया जा सकता है।
राष्ट्रीय क्रिकेट लीग का उद्देश्य भोजन की बर्बादी को कम करना, जरूरतमंद लोगों तक भोजन पहुंचाना और भूख मुक्त भारत के अभियान में अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करना है।

